http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 21 मार्च, 2006 को 02:16 GMT तक के समाचार

नारंग ने भारत के लिए 14वां स्वर्ण जीता

मेलबोर्न में 18वें राष्ट्रमंडल खेल के छठे दिन भारतीय निशानेबाज़ों ने भारत की झोली में दो और स्वर्ण पदक डाले. इसके साथ ही भारत अब 14 स्वर्ण पदक जीत चुका है.

गगन नारंग ने पुरुषों के दस मीटर पिस्टल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता. इसी वर्ग में भारत के निशानेबाज़ अभिनव बिंद्रा ने कांस्य पदक जीता.

वहीं समरेश जंग ने भी 50 मीटर पिस्टल में स्वर्ण पदक पर क़ब्ज़ा किया. समरेश जंग का ये इस बार के राष्ट्रमंडल खेल का चौथा स्वर्ण पदक है.

मंगलवार को भारत ने एथलेटिक्स में भी पदक हासिल किया. भारत की सीमा आंतिल ने डिस्कस मुकाबले में रजत पदक अपनी झोली में डाला. स्वर्ण पदक दक्षिण अफ़्रीका की नौजे एलिज़ना ने जीता.

मेलबोर्न में भारत निशानेबाज़ी में अब तक 10 स्वर्ण जीत चुका है.

भारत पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बाद तीसरे स्थान पर बना हुआ है.

मंगलवार तक मेज़बान ऑस्ट्रेलिया ने 53 और इंग्लैंड ने 21 स्वर्ण जीते हैं.

सोमवार को भारत ने चार और स्वर्ण पदक हासिल किए थे जिनमें तीन स्वर्ण निशानेबाज़ी में मिले थे.

एक स्वर्ण पदक पुरुषों की टेबल टेनिस टीम स्पर्द्धा में मिला है. भारतीय प्रतियोगियों ने पाँचवें दिन दो रजत पदक और दो कांस्य पदक भी जीते थे.