http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 18 मार्च, 2006 को 03:54 GMT तक के समाचार

भारोत्तोलन और निशानेबाज़ी में स्वर्ण

ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न शहर में चल रहे अठारहवें राष्ट्रमंडल खेलों में तीसरे दिन भारत ने भारोत्तोलन और निशानेबाज़ी में एक-एक स्वर्ण पदक जीता है.

उन्नीस वर्षीय रेनू बाला चानू ने महिला भारोत्तोलन के 58 किलोग्राम वर्ग में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया.

उन्होंने कुल 185 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया.

कनाडा की ऐमिली क्वार्टन और ऑस्ट्रेलिया की नताशा बारकर को क्रमश रजत और कांस्य पदक मिला. दोनों ने 178 किलोग्राम वजन उठाया था.

इससे पहले भारत की कुंजरानी ने महिला भारोत्तोलन के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था.

निशानेबाज़ी

उधर निशानेबाज़ी में भी भारत को एक और सफलता मिली. भारतीय निशानेबाज़ों समरेश जंग और विवेक सिंह की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता है.

समरेश जंग और विवेक सिंह ने 10 मीटर पिस्टल पेयर शूटिंग में शनिवार को स्वर्ण पदक जीता.

इस तरह भारत अब तक सात स्वर्ण और तीन रजत पदक जीत चुका है. शुक्रवार को उसने तीन स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते थे.

इसके पहले समरेश जंग और विवेक सिंह की जोड़ी 50 मीटर पिस्टल शूटिंग में रजत पदक जीत चुकी है.

इन दोनों से इस प्रतिस्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन विवेक सिंह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए इसलिए ये जोड़ी स्वर्ण पदक नहीं जाती पायी थी.

इसके पहले भारत की सरोज कुमारी और सुषमा राणा की जोड़ी ने 25 मीटर पिस्टल पेयर शूटिंग में स्वर्ण पदक जीता था.

दूसरी ओर अभिनव बिंद्रा-गगन नारंग की जोड़ी ने 10 मीटर एयर रायफ़ल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता.

उन्होंने 1189 अंक हासिल करके राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड भी स्थापित किया है.

तेजस्विनी सावंत और अवनीत कौर सिद्धू की जोड़ी ने महिलाओं की 10 मीटर रायफ़ल शूटिंग का स्वर्ण पदक हासिल किया है.

इसके अलावा पुरुषों के ट्रेप पेयर शूटिंग में मनवजीत संधू और मनेसर सिंह ने रजत पदक जीता.

पुरुषों के भारोत्तलन के 62 किलोग्राम वर्ग में भारत के मुरुगेसन अरुण ने रजत पदक जीता.