भारत और इंग्लैंड की क्रिकेट टीमें शनिवार को मुंबई में तीसरे टेस्ट मैच में आमने-सामने होंगी.
दबाव निश्चित रूप से इंग्लैंड पर होगा क्योंकि वह सिरीज़ में 0-1 से पीछे है.
लेकिन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होनेवाला मैच भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के लिए विशेष महत्व का मैच है.
द्रविड़ अपना 100वाँ टेस्ट मैच खेलेंगे जबकि तेंदुलकर भारत की ओर से सबसे अधिक टेस्ट मैच खेलनेवाले खिलाड़ी बन जाएँगे.
इससे पहले ये कीर्तिमान पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव के नाम था जिन्होंने 131 टेस्ट मैच खेले थे जो किसी भी भारतीय खिलाड़ी के लिए एक कीर्तिमान है.
द्रविड़ ने तेंदुलकर के बारे में कहा,"उन्होंने पिछले 16 वर्षों में देश की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जिस दबाव का सामना किया है वो बेमिसाल है".
इंग्लैंड के लिए चुनौती
इंग्लैंड के लिए मुंबई मैच, सिरीज़ बचाने वाला मैच होगा क्योंकि मोहाली में भारत के हाथों मिली हार के बाद अगर मुंबई टेस्ट ड्रॉ भी रहा तो सिरीज़ इंग्लैंड के हाथों से निकल जाएगी.
इसके अलावा इंग्लैंड के लिए एक मुश्किल ये भी है कि उसकी टीम में चोट या अन्य कारणों से उसके चोटी के पाँच खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं.
इस कड़ी में ताज़ा नाम जुड़ा है तेज़ गेंदबाज़ स्टीव हार्मिसन का जिनके पैर में चोट लगी है.
वैसे इंग्लैंड के कोच डंकन फ़्लेचर मुंबई मैच के बारे में कहते हैं,"पाकिस्तान और भारत के दौरे में अभी तक सबसे अधिक घास हमें यहीं दिखाई दी है जिसके बाद हमें केवल ये तय करना है कि हमारे गेंदबाज़ उसका लाभ कैसे उठाते हैं".
जहाँ तक भारत की बात है तो भारतीय खेमे में किसी को फ़िटनेस की समस्या तो नहीं है लेकिन हो सकता है कि भारत पीयूष चावला के स्थान पर मोहम्मद कैफ़ को टीम में रखकर बल्लेबाज़ी को मज़बूत कर सकता है.