http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 17 मार्च, 2006 को 10:01 GMT तक के समाचार

भारतीय निशानेबाज़ों ने बटोरे पदक

ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न शहर में चल रहे अठारहवें राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय निशानेबाज़ों ने शुक्रवार को तीन स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते हैं.

इस तरह भारत चार स्वर्ण पदकों सहित कुल सात पदक लेकर पदकतालिका में दूसरे स्थान पर आ गया है.

भारत की सरोज कुमारी और सुषमा राणा की जोड़ी ने 25 मीटर पिस्टल पेयर शूटिंग में स्वर्ण पदक जीता.

दूसरी ओर अभिनव बिंद्रा-गगन नारंग की जोड़ी ने 10 मीटर एयर रायफ़ल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है.

उन्होंने 1189 अंक हासिल करके राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड भी स्थापित किया है.

तेजस्विनी सावंत और अवनीत कौर सिद्धू की जोड़ी ने महिलाओं की 10 मीटर रायफ़ल शूटिंग का स्वर्ण पदक हासिल किया है.

रजत पदक

इसके अलावा समरेश जंग और विवेक सिंह की जोड़ी ने 50 मीटर पिस्टल शूटिंग में रजत पदक जीता है.

इन दोनों से स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन विवेक सिंह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए इसलिए ये जोड़ी स्वर्ण पदक नहीं जाती पायी.

इसके अलावा पुरुषों के ट्रेप पेयर शूटिंग में मनवजीत संधू और मनेसर सिंह ने रजत पदक जीता.

पुरुषों के भारोत्तलन के 62 किलोग्राम वर्ग में भारत के मुरुगेसन अरुण ने रजत पदक जीता.

इसके पहले कुंजरानी ने राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलवाया था.

उन्होंने महिला भारोत्तोलन के 48 किलोग्राम वर्ग में यह स्वर्ण पदक जीता था.

पुरूषों के 56 किलोग्राम वज़न वर्ग में भारत के विकी बट्टा ने रजत पदक हासिल किया था. पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल बट्टा ने कुल 234 किलोग्राम वज़न उठाया.

बट्टा मैनचेस्टर में 2002 में हुए कॉमनवेल्थ खेलों में भी एक रजत और एक कांस्य पदक जीत चुके हैं.