शनिवार, 18 मार्च, 2006 को 16:29 GMT तक के समाचार
भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के लिए मुंबई टेस्ट विशेष महत्व का है. इसमें उन्होंने एक रिकॉर्ड बनाया है. दरअसल यह उनका सौवाँ टेस्ट है. द्रविड़ ऐसे छठे भारतीय हैं जिन्होंने सौ टेस्ट मैच खेले हैं.
साथ ही मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का यह 132वाँ टेस्ट है. उन्होंने कपिल देव का टेस्ट रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 131 टेस्ट खेले हैं.
अपने सौवें टेस्ट पर राहुल द्रविड़ का कहना था, ''मैंने जब 1996 में खेलना शुरु किया तो मैंने यह सोचा तक न था कि मैं इतनी लंबी पारी खेलूंगा.''
उनका कहना था,'' इस सूची में शामिल होना मेरे लिए गर्व की बात है क्योंकि इनमें कई ऐसे लोग हैं जो मेरे आदर्श रहे हैं. निश्चित रूप से मेरे लिए यह विशेष अवसर है.''
मोहाली ने इंग्लैंड पर नौ विकेट की आसान जीत हासिल की थी. इस मैच में राहुल द्रविड़ ने 95 और नाबाद 42 रन बनाए थे.
इस प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट रेटिंग में राहुल द्रविड़ तीसरे नंबर पर पहुँच गए हैं. साथ ही भारत दूसरे नंबर पर आ सकता है.
द्रविड़ से आगे हैं ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग और दक्षिण अफ़्रीका के कालिस.
मोहाली में 76 रन बनाकर भारत को विजय के द्वार तक पहुँचानेवाले वीरेंदर सहवाग 10वें स्थान पर बने हुए हैं.
मगर मोहाली में केवल चार रन बना पाने के कारण सचिन तेंदुलकर तीन स्थान नीचे खिसककर 15वें नंबर पर चले गए हैं.
भारत अगर मुंबई टेस्ट में इंग्लैंड से नहीं हारता और तीन मैचों की सिरीज़ जीत लेता है तो वह दूसरे नंबर पर पहुँच जाएगा.