http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 13 मार्च, 2006 को 04:35 GMT तक के समाचार

माहोली में मिली नौ विकेट से जीत

भारतीय टीम ने मोहाली टेस्ट में इंग्लैंड को नौ विकेट से हरा दिया है.

कप्तान राहुल द्रविड़ और उप कप्तान वीरेंदर सहवाग ने आसानी से 144 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया.

मैच ख़त्म होने के समय राहुल द्रविड़ 42 और वीरेंदर सहवाग 76 रन बनाकर नॉट आउट रहे.

भारत ने एकमात्र विकेट वसीम जाफ़र के रूप में खोया जो होगार्ड की गेंद पर 17 रन बनाकर आउट हुए.

इसके पहले भारत ने इंग्लैंड को 181 रन पर आउट कर दिया था.

कुंबले ने 500 विकेट लेकर किया कमाल

पाँचवें दिन का खेल शुरू होते ही मुनाफ़ पटेल ने इंग्लैंड को तीन विकेट झटक लिए. इसके पहले रविवार को उन्होंने कुक को आउट किया था.

पहले मुनाफ़ ने जोंस को पाँच रनों के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया. उसके बाद उन्होंने लियम प्लंकेट को पगबाधा आउट कर दिया.

इसके बाद होगार्ड उनका शिकार बने और उन्हें भी मुनाफ़ ने चार के स्कोर पर बोल्ड कर दिया. दूसरी पारी में मुनाफ़ ने इंग्लैंड के चार विकेट लिए.

मोहाली का स्कोरकार्ड

इंग्लैंड का नौवां विकेट अनिल कुबंले ने लिया और अंतिम विकेट पीयूष चावला को मिला. यह टेस्ट क्रिकेट में उनका पहला विकेट था.

कप्तान एंड्रयू फ़्लिंटॉफ़ एक छोर पर काफ़ी देर तक टिके रहे लेकिन उनकी मेहनत काम नहीं आई.

इंग्लैंड की दूसरी पारी में भी अनिल कुंबले बल्लेबाज़ों पर भारी पड़ते दिखे.

इस मैच में कुंबले ने नौ विकेट लिए, पहली पारी में 76 रन देकर पाँच विकेट और दूसरी पारी में 70 रन देकर चार विकेट.

इस मैच को न सिर्फ़ भारत की जीत के लिए बल्कि अनिल कुंबले के कीर्तिमान के लिए भी याद रखा जाएगा, वे 500 से अधिक विकेट लेने वाले भारत के पहले गेंदबाज़ बन गए हैं.