http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 03 मार्च, 2006 को 00:50 GMT तक के समाचार

वॉन के खेलने की संभावना कम

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान माइकल वॉन के बाकी बचे भारत दौरे में खेलने की संभावना कम ही नज़र आ रही है.

नागपुर में भारत के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच से पहले अभ्यास के दौरान उनके घुटने में चोट आई थी.

इसके बाद वे पिछले हफ़्ते इंग्लैंड वापस चले गए थे. उन्हें दो हफ़्ते तक आराम करने की सलाह दी गई है, जिसका मतलब है कि वे भारत के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ में तो नहीं खेल पाएँगे.

बुधवार को विशेषज्ञ डर्क बिकरस्टाफ़ ने इंग्लैंड में वॉन की जाँच की. इससे पहले भी वे वॉन के घुटने की सर्जरी कर चुके हैं.

वॉन की चोट के बारे में बिकरस्टाफ़ ने कहा, ये ऐसी तकलीफ़ है जो बढ़ सकती है और इस बार ये तकलीफ़ फिर बढ़ गई है.

इंग्लैंड के क्रिकेट खिलाड़ी साइमन जोन्स के भी घुटने में चोट है और वे भी वॉन के साथ इंग्लैंड लौट आए हैं.

विशेषज्ञ डर्क बिकरस्टाफ़ जोन्स का भी इलाज कर रहे हैं. उनका कहना है कि जोन्स को पिछली बार घुटने में जो चोट लगी थी उसके मुकाबले इस बार की चोट ज़्यादा गंभीर नहीं है.

जोन्स की स्थिति के बारे में औपचारिक घोषणा बाद में होगी.

इंग्लैंड की टीम भारत के ख़िलाफ़ एंड्रयू फ़्लिंटॉफ़ की कप्तानी में खेल रही है.