http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 03 मार्च, 2006 को 13:43 GMT तक के समाचार

नागपुर में कैफ़ और कुंबले ने पारी संभाली

नागपुर टेस्ट के तीसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने नौ विकेट के नुक़सान पर 322 रन बना लिए हैं और वह अभी भी इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर से 71 रन पीछे है.

तीसरे दिन एक समय लग रहा था कि भारत की पारी बिखर जाएगी लेकिन मोहम्मद कैफ़ और अनिल कुंबले ने आठवें विकेट के लिए 128 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाल लिया.

मोहम्मद कैफ़ ने 91 और अनिल कुंबले ने 58 रन बनाए.

नागपुर टेस्ट का ताज़ा स्कोर देखने के लिए यहाँ क्लिक करें

इंग्लैंड की ओर से सफलतम गेंदबाज़ रहे तेज़ गेंदबाज़ मैथ्यू होगार्ड जिन्होंने भारत के पाँच महत्वपूर्ण बल्लेबाज़ों को आउट किया.

स्टीव हरमिसन और मोंटी पनेसर ने दो-दो महत्वपूर्ण विकेट लिए.

चौथे दिन अंतिम विकेट के तौर पर हरभजन सिंह और श्रीसंत खेल को आगे बढ़ाएँगे.

भारतीय पारी

तीसरे दिन भारत की ओर से ओपनर वसीम जाफ़र और कप्तान राहुल द्रविड़ ने एक विकेट पर 136 रन से आगे खेलना शुरू किया.

अभी स्कोर चार ही रन आगे बढ़ा था कि द्रविड़ अपने दूसरे दिन के स्कोर 40 रन पर होगार्ड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.

थोड़ी ही देर बाद जाफ़र ने 81 रन पर होगार्ड की ही गेंद पर स्लिप में कप्तान फ़्लिंटॉफ़ को कैच थमा दिया.

फिर लक्ष्मण अपनी पहली ही गेंद पर होगार्ड के शिकार बने.

इसके बाद सचिन तेंदुलकर 16 रन के स्कोर पर मोंटी पनेसर की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए. ये टेस्ट क्रिकेट में मोंटी पनेसर का पहला विकेट था.

फिर महेंद्र सिंह धोनी केवल पाँच रन बनाकर फ़्लिंटॉफ़ की गेंद पर विकेट के पीछे जोन्स को कैच थमा बैठे.

थोड़ी देर बाद इरफ़ान पठान ने केवल दो रन बनाने के बाद होगार्ड की गेंद पर फ़्लिंटॉफ़ को कैच दे दिया.

कैफ़-कुंबले

पठान के आउट होने के समय भारत का स्कोर हो गया था सात विकेट पर 190 रन और विकेट पर मोहम्मद कैफ़ का साथ देने आए अनिल कुंबले.

दोनों ने आठवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण रन जोड़े.

कैफ़ ने 263 गेंदों में 91 रन बनाए जिसमें उन्होंने 12 चौके लगाए. उन्हें मोंटी पनेसर ने बोल्ड किया.

कुंबले ने 168 गेंदों में 58 रन बनाए जिसमें 10 चौके थे. कुंबले को हार्मिसन की गेंद पर कुक को कैच थमाया.

पहली बार इंग्लैंड की कप्तानी कर रहे एंड्र्यू फ़्लिंटॉफ़ ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनी थी और इंग्लैंड ने पहली पारी में 393 रन बनाए.

भारतीय टीम

राहुल द्रविड़ (कप्तान), वीरेंदर सहवाग, वसीम जाफ़र, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण, मोहम्मद कैफ़, महेंद्र सिंह धोनी, इरफ़ान पठान, अनिल कुंबले, हरभजन सिंह और श्रीसंत.

इंग्लैंड की टीम

एंड्रयू फ़्लिंटॉफ़(कप्तान), एजे स्ट्रास, एएन कुक, आईआर बेल, पीडी कालिनवुड, केपी पीटरसन, इयान ब्लैकवेल, एसजे हारमिसन, एमजे हॉगार्ड और मोंटी पनेसर.