मंगलवार, 21 फ़रवरी, 2006 को 18:35 GMT तक के समाचार
भारत की सानिया मिर्ज़ा दुबई ओपन के पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गई हैं. सानिया को स्विट्ज़रलैंड की मार्टिना हिंगिस ने सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से मात दी.
दो दिन पहले ही सानिया ने दक्षिण अफ़्रीका की लिज़ेल ह्यूबर के साथ बंगलौर ओपन में डबल्स का ख़िताब जीता था.
इस जीत से उत्साहित सानिया दुबई ओपन में खेलने पहुँची थी. लेकिन पहले ही दौर में उनका सामना हुआ मार्टिना हिंगिस से, जो वापसी के बाद शानदार फ़ॉर्म में हैं.
पहले सेट में तो लगा ही नहीं कि सानिया कुछ संघर्ष कर पाएँगी. क्योंकि हिंगिस ने अपने अनुभव का लाभ उठाते हुए सानिया को कोई मौक़ा नहीं दिया.
हिंगिस ने पहला सेट आसानी से 6-3 से जीत लिया. दूसरे सेट में सानिया ने संघर्ष करने की कोशिश की और हिंगिस को अच्छी चुनौती दी. मुक़ाबला और स्कोर दोनों बराबरी पर चल रहा था.
लेकिन आख़िरकार हिंगिस दूसरा सेट भी जीतने में सफल रही. इस सेट में स्कोर था 7-5. पिछले दिनों सानिया की डब्लूटीए रैंकिंग 32वें स्थान तक पहुँच गई थी.
लेकिन पिछले दिनों उनकी रैंकिंग 38वें स्थान तक पहुँच गई थी. फ़िलहाल सानिया रैंकिंग में 36वें स्थान पर हैं.