http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 17 फ़रवरी, 2006 को 13:39 GMT तक के समाचार

क्रिकेट मैच प्रसारण का सौदा तय हुआ

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारतीय क्रिकेट टीम के मैचों के प्रसारण के अधिकार का सौदा निंबस कम्युनिकेशंस के साथ किया है.

अगले चार साल तक क्रिकेट मैचों के प्रसारण का अधिकार 61.2 करोड़ डॉलर में बेचा गया है.

आठ कंपनियों ने प्रसारण अधिकारों के लिए बोली लगाई थी, निंबस कम्युनिकेशंस ने सबसे ऊँची बोली लगाई थी.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष ललित मोदी ने बताया कि वर्ष 2010 तक होने वाले भारतीय टीम के घरेलू और विदेशी मैचों के प्रसारण का अधिकार निंबस कम्युनिकेशंस को होगा, इसमें सेटेलाइट टीवी चैनल भी शामिल हैं.

पिछले चार वर्षों में क्रिकेट मैच के प्रसारण के अधिकारों की क़ीमत में यह 10 गुना बढ़ोतरी है.

लंबे समय से खेलों के सीधे प्रसारण और मनोरंजक कार्यक्रमों के निर्माण से जुड़ी रही कंपनी निंबस कम्युनिकेशंस का अपना कोई टीवी चैनल नहीं है.

निंबस कम्युनिकेशंस के प्रमुख हरीश थवानी ने कहा है कि वे दूसरी कंपनियों के साथ साझीदारी करेंगे.

उन्होंने कहा, "हम एक चैनल ख़रीद भी सकते हैं, हम क्रिकेट मैच को कई नेटवर्कों पर दिखा सकते हैं या पार्टनर चैनलों पर लेकिन हम विशेषाधिकार की व्यवस्था को समाप्त करना चाहते हैं."

थवानी ने कहा कि टेरेसटेरियल चैनलों पर निंबस क्रिकेट का प्रसारण करेगा, उन्होंने कहा कि दूरदर्शन को 'ब्लैकआउट नहीं किया जाएगा.'