बुधवार, 15 फ़रवरी, 2006 को 03:10 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ अगले दो मैचों के लिए शोएब अख़्तर के स्थान पर मोहम्मद समी को टीम में बुलाया है लेकिन शाहिद आफ़रीदी के विकल्प की घोषणा नहीं की गई है.
शोएब अख़्तर श्रीलंका दौरे में भी टीम का साथ नहीं दे सकेंगे क्योंकि उनका टखने का चोट जितना सोचा जा रहा था उससे कहीं अधिक गंभीर है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता सलीम अल्ताफ़ ने कहा,"शोएब का घायल हो जाना हमारे लिए एक झटका है क्योंकि वे हमारे प्रमुख गेंदबाज़ थे".
पाकिस्तानी टीम को दोहरा झटका लगा जब शाहिद आफ़रीदी भी चोट के कारण टीम से बाहर हो गए.
ऑलराउंडर आफ़रीदी को बाथरूम में फ़िसल जाने के कारण पसलियों में चोट लगी है.
ये चोट उनको लाहौर वन डे के पहले ही लगी थी जिसके बाद वे मैच में खेलने उतरे. वे मैच में 18 रन बना सके और तीन ओवर से अधिक गेंद नहीं फेंक पाए.
सलीम अल्ताफ़ ने कहा,"पसलियों के पास उनकी त्वचा छिल गई है और उन्हें आराम की ज़रूरत है".
भारत औऱ पाकिस्तान के बीच चौथा वन डे मुल्तान में 16 फ़रवरी को और पाँचवाँ व अंतिम मैच कराची में 19 फ़रवरी को होना है.
सिरीज़ में भारत 2-1 से आगे है.