http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 02 फ़रवरी, 2006 को 15:06 GMT तक के समाचार

फ़ैसल इक़बाल वनडे टीम में शामिल

कराची टेस्ट में शानदार शतक जमाने वाले फ़ैसल इक़बाल को भारत के ख़िलाफ़ पहले तीन एक दिवसीय मैचों के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल किया गया है.

लेकिन तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद समी और स्पिनर दानिश कनेरिया को 16 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है. पहला एक दिवसीय मैच छह फरवरी को पेशावर में खेला जाएगा.

कराची टेस्ट की दूसरी पारी में फ़ैसल इक़बाल ने अपने टेस्ट जीवन का पहला शतक लगाया था और दूसरी पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद की थी.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी अब्बास ज़ैदी ने बताया, "एक दिवसीय मैचों को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने 16 सदस्यीय टीम का चुनाव किया है. बैठक में कप्तान भी मौजूद थे."

अब्बास ज़ैदी ने बताया कि फ़ैसल इक़बाल के मौजूदा फ़ॉर्म को देखते हुए उन्हें टीम में शामिल किया गया है. कप्तान इंज़माम-उल-हक़ को टीम में शामिल किया गया है. पीठ में चोट के कारण कराची टेस्ट में वे नहीं खेल पाए थे.

अपने पिता की मौत के कारण कराची टेस्ट में नहीं खेल पाए शोएब मलिक को वनडे मैचों के लिए चुना गया है जबकि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेल चुके यासिर अराफ़ात को भी टीम में जगह मिली है.

एक दिवसीय टीम

इंज़माम-उल-हक़ (कप्तान), यूनुस ख़ान, मोहम्मद यूसुफ़, अब्दुल रज़्ज़ाक़, शोएब अख़्तर, शाहिद अफ़रीदी, शोएब मलिक, कामरान अकमल, अरशद ख़ान, सलमान बट, राणा नवीद उल हसन, इमरान फ़रहत, फ़ैसल इक़बाल, उमर ग़ुल, मोहम्मद आसिफ़ और यासिर अराफ़ात