http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 23 जनवरी, 2006 को 10:34 GMT तक के समाचार

धोनी के धुआँधार शतक से पारी संभली

फ़ैसलाबाद टेस्ट के तीसरे दिन महेंद्र सिंह धोनी ने धुआँधार शतक लगाकर और इरफ़ान पठान के साथ मिलकर भारत की एक समय कमज़ोर हो चुकी पारी को संभाल लिया है.

तीसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने पाँच विकेट पर 441 रन बना लिए हैं और वह पाकिस्तान की पहली पारी के स्कोर से 147 रन पीछे है.

धोनी 116 और पठान 49 रन पर खेल रहे हैं. दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 160 रन जोड़े हैं.

धोनी ने अभी तक 14 चौके और चार छक्के जबकि पठान ने चार चौके और एक छक्का लगाया है.

फ़ैसलाबाद टेस्ट का स्कोरकार्ड

वैसे तीसरे दिन भारत ने लंच के बाद एक-के-बाद-एक चार विकेट गँवा दिए थे जिससे पारी एकाएक लड़खड़ा गई.

तीसरे दिन की तस्वीरें

लेकिन फिर महेंद्र सिंह धोनी ने गेंदबाज़ों को जमकर धुना और केवल 93 गेंदों में अपना शतक पूरा किया जिसमें 12 चौके और चार छक्के थे.

धोनी और इरफ़ान पठान ने मिलकर भारत के ऊपर से फ़ॉलोऑन का ख़तरा भी टाल दिया है.

आख़िरी विकेट सचिन तेंदुलकर का गिरा था जिसके साथ ही भारत का स्कोर हो गया पाँच विकेट पर 281 रन. तब भारत को फ़ॉलोऑन का संकट टालने के लिए और 107 रन बनाने थे.

द्रविड़ का शतक

तीसरे दिन कप्तान राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण ने एक ज़िम्मेदार पारी खेलते हुए लंच का खेल होने तक भारत को एक मज़बूत स्कोर तक पहुँचाया.

लंच के बाद कप्तान द्रविड़ ने बतौर ओपनर लगातार दूसरा शतक लगाया.

लेकिन लक्ष्मण शतक से पीछे रह गए और 90 रन के स्कोर पर दानिश कनेरिया की गेंद पर कामरान अकमल के हाथों लपके गए.

फिर सचिन खेलने आए लेकिन इसके बाद रन लेने की कोशिश करते समय 103 के स्कोर पर राहुल द्रविड़ को इमरान फ़रहत ने रन आउट कर दिया.

इसके बाद मैदान में आए युवराज सिंह लेकिन चार रन के निजी स्कोर पर उन्होंने मोहम्मद आसिफ़ की गेंद पर एक लंबा शॉट लगाया और बाउंड्री के क़रीब दानिश कनेरिया के हाथों कैच आउट हो गए.

अभी सचिन से उम्मीदें बची हुई थीं लेकिन अभी उन्होंने 14 रन ही जोड़े थे कि शोएब अख़्तर की गेंद पर विकेट के पीछे लपक लिए गए.

वीरेंदर सहवाग का विकेट भारत ने दूसरे दिन के खेल के दौरान ही गँवा दिया था. उन्होंने 31 रन बनाए थे.

दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक द्रविड़ और लक्ष्मण मैदान में थे और 110 रन बना चुके थे. तीसरे दिन दोनों ने आगे खेलना शुरु किया.

दूसरे दिन ख़राब रोशनी के कारण खेल थोड़ी देर पहले ख़त्म कर दिया गया था.

दूसरे दिन के खेल की तस्वीरें

भारतीय टीमः राहुल द्रविड़, वीरेंदर सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण, सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, एमएस धोनी, इरफ़ान पठान, ज़हीर ख़ान, आरपी सिंह, अनिल कुंबले, हरभजन सिंह.

पाकिस्तानी टीमः इंज़माम उल हक़, सलमान बट्ट, शोएब मलिक, युनुस ख़ान, मोहम्मद युसुफ़, शाहिद आफ़रीदी, कामरान अकमल, शोएब अख़्तर, अब्दुल रज़्ज़ाक, दानिश कनेरिया, मोहम्मद आसिफ़.