शुक्रवार, 20 जनवरी, 2006 को 04:07 GMT तक के समाचार
भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के मार्टिन डैम की जोड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन में पुरुषों के डबल्स मुक़ाबले के तीसरे दौर में पहुँच गई है.
वहीं भारत के ही महेश भूपति और स्विट्ज़रलैंड की मार्टिना हिंगिस की जोड़ी मिक्स्ड डबल्स के दूसरे दौर में पहुँच गई है.
सातवीं वरीयता प्राप्त पेस और डैम की चेक गणराज्य के लुकास द्लोही और पॉवेल विज़नर की जोड़ी को सीधे सेटों में 7-5, 6-3 से मात दी.
पहले सेट में चेक गणराज्य की ग़ैर वरीयता प्राप्त जोड़ी ने पेस और डैम का मुक़ाबला किया और एक समय स्कोर 5-5 से बराबर था.
लेकिन पेस और डैम ने अपने अनुभव का लाभ उठाते हुए सही समय पर सर्विस ब्रेक की और पहला सेट 7-5 से जीत लिया.
दूसरे सेट में पेस और डैम ने विरोधी चेक जोड़ी को कोई मौक़ा नहीं दिया और अच्छे मौक़े पर सर्विस ब्रेक की. दूसरे सेट का स्कोर रहा 6-3. इस तरह वे तीसरे तौर में पहुँच गए.
भूपति जीते
दूसरी ओर मिक्स्ड डबल्स के अपने पहले मैच में भूपति और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने ताईवान के ये ज़ू वांग और चीन की ना ली की जोड़ी को 6-2, 6-2 से आसानी से हरा दिया.
सानिया मिर्ज़ा के सिंगल्स और महिलाओं के डबल्स मुक़ाबले में बाहर हो जाने के बाद भी भारतीय चुनौती साल के पहले ग्रैंड स्लैम में टूटी नहीं है.
भारत के महेश भूपति और दक्षिण अफ़्रीका के वेस्ली मूड की जोड़ी पुरुषों के डबल्स मुक़ाबले के दूसरे दौर में पहुँच गई है.
इसके अलावा सानिया मिर्ज़ा ऑस्ट्रेलिया के स्टीफ़ेन हस के साथ मिक्स्ड डबल्स में खेल रही हैं. जबकि लिएंडर पेस मिक्स्ड डबल्स में फ़्रांस की नतालिया डेन्च के साथ कोर्ट में उतर रहे हैं.
महेश भूपति ने इस मुक़ाबले में स्विट्ज़रलैंड की मार्टिना हिंगिस को अपनी जोड़ीदार बनाया है.