http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 16 जनवरी, 2006 को 15:23 GMT तक के समाचार

नई खिलाड़ी ने बाहर किया वीनस को

साल की पहली ग्रैंड स्लैम टेनिस प्रतियोगिता ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले दिन वीनस विलियम्स जैसी दिग्गज को एक बिल्कुल नई खिलाड़ी ने हरा दिया.

प्रतियोगिता में दसवें नंबर की अमरीकी खिलाड़ी वीनस को हरानेवाली बुल्गारिया की ज़्वेताना पिरोन्कोवा दुनिया में 94 वें नंबर की खिलाड़ी हैं.

18 वर्षीया स्वेताना का किसी ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिता में ये पहला मैच था.

मैच शुरू हुआ तो वीनस ने पहला सेट आसानी से 6-2 से निकाल लिया जिससे लगा कि मैच बस एक औपचारिकता भर होगा.

लेकिन फिर नए खिलाड़ी ने पासा ही पलट दिया और अगले दोनों सेट 6-0, 9-7 से जीतकर प्रतियोगिता के पहले ही दिन बड़ा उलटफेर कर दिया.

वैसे मैच के तीसरे सेट में एक समय वीनस 6-5 से मैच जीतने जा रही थीं लेकिन उसके बाद आश्चर्यजनक रूप से उन्होंने 65 ग़लतियाँ कीं और मैच उनके हाथ से निकल गया.

निराश वीनस ने मैच के बाद कहा,"मुझे समझ में नहीं आ रहा कि हुआ क्या. मुझे लग रहा था कि मैं अच्छी फ़ॉर्म में हूँ मगर पता नहीं कैसे मैं खेल नहीं पाई".

वहीं वीनस को मात देनेवाली पिरोन्कोवा ने कहा,"वीनस के बारे में पता तो मुझे बहुत पहले से था लेकिन मैं जब कोर्ट पर उतरती हूँ तो पेशेवर हो जाती हूँ और इसलिए मैंने कोर्ट पर ये नहीं सोचा कि वे ऐसी खिलाड़ी हैं जो मेरा आदर्श रही हैं".

ऑस्ट्रेलियन ओपन में पहले दिन वीनस से पहले एक और वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बाहर हो गई.

नवें नंबर की रूस की खिलाड़ी एलीना दमेन्तिएवा को जर्मनी की जूलिया श्रूफ़ ने हरा दिया जिन्होंने पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन में कभी कोई मैच नहीं जीता था.