http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 14 जनवरी, 2006 को 20:21 GMT तक के समाचार

छह छक्के लगाना चाहते थे अफ़रीदी

पाकिस्तान के बल्लेबाज़ शाहिद अफ़रीदी ने बताया है कि शनिवार को लाहौर टेस्ट में उन्होंने हरभजन सिंह के एक ओवर में छह छक्के लगाने चाहे थे.

अफ़रीदी पहली चार गेंदों पर तो गेंद को हवा में ही सीमा पार पहुँचा सके लेकिन अंतिम दो गेंदों पर वे सफल नहीं हो सके.

उन्होंने हरभजन के इस ओवर में 6,6,6,6,2,1 यानी कुल 27 रन जोड़े.

अफ़रीदी ने खेल ख़त्म होने के बाद बताया,"मैंने ओवर शुरू होने से पहले ही अपने साथी कामरान अकमल से कहा- मैं छह छक्के लगाना चाहता हूँ - और उसने कहा- गुडलक".

"फिर मैंने पाँचवीं गेंद पर भी छक्का लगाना चाहा लेकिन गेंद घूम गई और सीधी चली गई".

टेस्ट क्रिकेट में आज तक कोई भी बल्लेबाज़ एक ओवर में छह छक्के नहीं लगा सका है.

अफ़रीदी आख़िरकार 103 रन बनाकर अजीत अगरकर की गेंद पर हरभजन सिंह को कैच थमा बैठे.

अपनी 80 गेंदों की पारी में उन्होंने सात चौके और सात छक्के जड़े.

वे पाकिस्तान की पहली पारी में शतक लगानेवाले चौथे बल्लेबाज़ थे.

पाकिस्तान ने लाहौर टेस्ट की पहली पारी में सात विकेट पर 679 रन बनाकर पारी घोषित कर दी.

सबसे अधिक रन बनाए युनूस ख़ान ने जो दोहरा शतक लगाने से चूक गए. 199 के स्कोर पर वे रन आउट हो गए.