http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 30 दिसंबर, 2005 को 21:15 GMT तक के समाचार

पचासी हज़ार पाउंड में बिके बेकम के जूते

नॉर्वे के एक अरबपति ने मशहूर फ़ुटबॉल खिलाड़ी डेविड बेकम के जूते 85 हज़ार पाउंड या कहें कि एक लाख 48 हज़ार डॉलर में ख़रीदे हैं.

इदार वॉलविक नाम के इस अरबपति ने ये जूते नॉर्वे के एक टेलीविज़न शो पर एक चैरिटी संस्था से खरीदे.

जूतों की बिक्री से मिली रक़म पाकिस्तान के भूकंप प्रभावितों की मदद के लिए इस्तेमाल की जाएगी.

इन पैसों से भूकंप प्रभावितों के लिए टेंट ख़रीदे जाएँगे.

बेकम के इन्हीं जूतों की बिक्री से एशिया के सूनामी प्रभावितों के लिए भी पैसे जुटाए गए थे.

सूनामी राहत कोष के लिए पैसे जुटाने के मकसद से हुए समारोह के दौरान ही चैरिटी संस्था को ये जूते मिले थे.

इस साल अक्तूबर में पाकिस्तान और भारत के कुछ हिस्सों में ज़बरदस्त भूकंप आया था जिसमें क़रीब 74 हज़ार लोग मारे गए थे और हज़ारों लोग बेघर हो गए थे.

संयुक्त राष्ट्र लगातार कहता आया है कि दक्षिण एशिया में आए भूकंप के बाद राहत कार्यों के लिए और धनराशि की ज़रूरत है.