http://www.bbcchindi.com

पाक दौरे से पहले गांगुली रणजी में खेलेंगे

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली पाकिस्तान दौरे पर जाने से पहले घरेलू क्रिकेट मैचों के लिए अपने गृह राज्य बंगाल की ओर से खेलेंगे.

इससे पहले गांगुली ने पारिवारिक कारणों के चलते रणजी ट्रॉफ़ी मैच में न खेलने की इच्छा ज़ाहिर की थी लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने सौरभ को घरेलू क्रिकेट मैचों में हिस्सा लेने के लिए कहा था.

मुख्य चयनकर्ता किरण मोरे ने गांगुली से इस हफ़्ते फ़ोन पर बात की थी और जब उन्हें ये बताया गया कि गांगुली पाकिस्तान दौरे से पहले अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं तो मोरे काफ़ी नाराज़ हुए थे.

बीसीसीआई सचिव निरंजन शाह ने कहा कि इस मामले को लेकर गांगुली के ख़िलाफ़ कोई क़दम नहीं उठाया जाएगा.

भारतीय टीम के उपकप्तान वीरेंदर सहवाग, गेंदबाज़ अनिल कुंबले और रिज़र्व विकेट कीपर पार्थिव पटेल भी पाकिस्तान जाने से पहले रणजी मैचों में खेलेंगे.

बीसीसीआई ने कहा है, "हमें लगता है कि घरेलू मैच खेलने से अच्छा अभ्यास मिलेगा."

भारतीय टीम के बाकी 12 खिलाड़ी पाकिस्तान के लिए 5 जनवरी को रवाना होंगे.

सौरभ गांगुली को श्रीलंका के ख़िलाफ़ हुए आख़िरी टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था. इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ कई जगह प्रदर्शन हुए.

लेकिन फिर पाकिस्तान दौरे के लिए गांगुली को टेस्ट टीम में शामिल कर लिया गया.