रविवार, 25 दिसंबर, 2005 को 18:18 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट टीम के पाकिस्तान दौरे से पूर्व भारत का एक पाँच सदस्यीय दल सुरक्षा स्थिति का जायज़ा लेने के लिए लाहौर पहुँचा है.
भारतीय दल उन जगहों का मुआइना करेगा जहाँ अगले महीने के दौरे पर भारतीय टीम को खेलना है.
रविवार को लाहौर पहुँचने पर वरिष्ठ भारतीय पुलिस अधिकारी और सुरक्षा विशेषज्ञों के पाँच सदस्यीय दल के प्रमुख यशोवर्धन आज़ाद ने कहा, "हम हर मैच स्थल का मुआइना करेंगे और इंतज़ामों का जायज़ा लेंगे."
भारतीय दल ने रविवार को लाहौर में स्थानीय और फ़ैसलाबाद तथा मुल्तान के पुलिस अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया.
सोमवार को भारतीय दल कराची पहुँचेगा. बाद में इसके पेशावर और इस्लामाबाद के दौरे का भी कार्यक्रम है.
आज़ाद ने कहा, "हमें पाकिस्तानी बोर्ड द्वारा सौंपे गए दौरे के कार्यक्रम पर भी विचार करना है."
पिछले साल का अनुभव
उल्लेखनीय है कि यशोवर्धन आज़ाद ने पिछले साल भी भारतीय क्रिकेट टीम के दौरे से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेने के लिए पाकिस्तान की यात्रा की थी.
तब उनकी अनुशंसा के आधार पर ही भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कराची में टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम भेजने से मना कर दिया था.
इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि भारतीय दौरे के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पहले ही अंतिम रूप दिया जा चुका है.
रॉयटर्स समाचार एजेंसी के अनुसार पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड के निदेशक अब्बास ज़ैदी ने कहा, "हम अगले सप्ताह दौरे के कार्यक्रम को औपचारिक रूप से जारी करने की उम्मीद करते हैं."
भारतीय टीम के छह जनवरी को पाकिस्तान पहुँचने का कार्यक्रम है.