शुक्रवार, 23 दिसंबर, 2005 को 12:12 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट टीम की किट के प्रायोजन का अधिकार दुनियाभर में खेल संबंधित सामग्री बेचनेवाली कंपनी नाइकी को मिल गया है.
नाइकी को यह प्रायोजन अधिकार अगले पाँच वर्षों के लिए मिले हैं.
इस संबंध में शुक्रवार को मुंबई में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की मार्केटिंग कमेटी की एक बैठक हुई जिसमें यह निर्णय लिया गया है.
बैठक के बाद बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ललित मोदी ने पत्रकारों को बताया कि नाइकी एक जनवरी, 2006 से 31 दिसंबर, 2010 तक के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की आधिकारिक किट की प्रायोजक होगी.
उन्होंने बताया, " इसके साथ ही बीसीसीआई ने दुनिया के सबसे महंगे ब्रांड को अपना प्रायोजक बना लिया है."
नाइकी ने इसके लिए सबसे ज़्यादा राशि तकरीबन एक अरब, 97 करोड़ रूपए की बोली लगाई थी.
नया बाजूबंद
इस अनुबंध के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों के कपड़ों पर नाइकी ब्रांड का निशान होगा.
बीसीसीआई का कहना है इसके लागू होने के बाद खिलाड़ियों की पोशाक के एक बाजू पर नाइकी का निशान होगा जबकि दूसरे बाजू पर सहारा का निशान होगा.
इस नए नियम के मुताबिक अगर कोई दाहिने हाथ का खिलाड़ी है तो उसकी कमीज़ के दाहिने बाजू पर नाइकी का निशान होगा जबकि बाएं पर सहारा का.
ग़ौरतलब है कि सहारा समूह अगले चार वर्षों के लिए भारतीय टीम का मुख्य प्रायोजक है.
नाइकी के अलावा जिन दूसरी कंपनियों ने इसके लिए आवेदन किया था, उनमें रिबॉक, एडिडॉस और स्लेजेंर जैसे नामी कंपनियां भी शामिल थीं.