शनिवार, 17 दिसंबर, 2005 को 10:33 GMT तक के समाचार
भारत के कप्तान राहुल द्रविड़ के श्रीलंका के ख़िलाफ़ अहमदाबाद के तीसरे टेस्ट में खेलने पर संदेह के बादल मँडरा रहे हैं.
डायरिया की शिकायत के बाद राहुल द्रविड़ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. द्रविड़ को उल्टी भी हो रही है.
भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा और आख़िरी टेस्ट रविवार से अहमदाबाद में शुरू हो रहा है. भारत दिल्ली टेस्ट जीतकर तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ में 1-0 से आगे है.
दिल्ली टेस्ट से पहले राहुल द्रविड़ को वायरल बुख़ार था. लेकिन थोड़ी राहत मिलने के बाद वे मैच में खेले. ख़बर है कि द्रविड़ अभी भी वायरल संक्रमण से नहीं उबरे हैं.
शुक्रवार को भी राहुल द्रविड़ मैदान में अभ्यास के लिए नहीं आए थे. दूसरी ओर दिल्ली टेस्ट में बीमारी के कारण नहीं खेल पाए उप कप्तान वीरेंदर सहवाग ठीक हैं.
अगर राहुल द्रविड़ नहीं खेलें तो उनकी जगह टीम की कप्तान वीरेंदर सहवाग करेंगे. दूसरी ओर दिल्ली टेस्ट में 10 विकेट लेकर जीत में प्रमुख भूमिका निभाने वाले अनिल कुंबले के लिए अहमदाबाद टेस्ट काफ़ी महत्वपूर्ण है.
अनिल कुंबले के करियर का यह 100वाँ टेस्ट होगा. अनिल कुंबले अहमदाबाद टेस्ट खेलें तो वे 100 या उससे ज़्यादा टेस्ट खेलने वाले पाँचवें भारतीय खिलाड़ी हो जाएँगे.
इससे पहले सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, सुनील गावसकर और दिलीप वेंगसरकर के नाम ही 100 या उससे ज़्यादा टेस्ट हैं.