बुधवार, 14 दिसंबर, 2005 को 12:11 GMT तक के समाचार
भारतीय टीम के कप्तान राहुल द्रविड़ पाकिस्तान और इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सिरीज़ के लिए भी कप्तान होंगे.
नई दिल्ली में दिल्ली टेस्ट के बाद चयन समिति की बैठक में यह फ़ैसला किया गया. चयन समिति के अध्यक्ष किरण मोरे ने इसकी घोषणा की.
भारतीय टीम अपना पाकिस्तान दौरा छह जनवरी से शुरू कर रही है.
भारतीय टीम को पाकिस्तान दौरे में तीन टेस्ट और पाँच एक दिवसीय मैच खेलने हैं. जबकि एक मार्च से इंग्लैंड की टीम अपना भारत दौरा शुरू कर रही है.
इंग्लैंड की टीम भारत दौरे में तीन टेस्ट और सात एक दिवसीय मैच खेलेगी.
राहुल द्रविड़ को सौरभ गांगुली की जगह श्रीलंका के ख़िलाफ़ सिरीज़ में कप्तान बनाया गया था.
श्रीलंका को एक दिवसीय सिरीज़ में भारत ने 6-1 से हराया था. जबकि दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़
एक दिवसीय सिरीज़ 2-2 से बराबर रही थी.
श्रीलंका के ख़िलाफ़ तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत दिल्ली टेस्ट जीतकर 1-0 से आगे है.
चेन्नई टेस्ट बारिश के कारण ड्रॉ हो गया था जबकि तीसरा टेस्ट अहमदाबाद में 18 दिसंबर से खेला जाएगा.