http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 05 दिसंबर, 2005 को 23:45 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान दौरे के कार्यक्रम में बदलाव

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अगले साल के शुरू में भारतीय क्रिकेट टीम के पाकिस्तान दौरे के कार्यक्रम में कुछ फेरबदल किया है. अब दोनों देशों के बीच 14 जनवरी से टेस्ट मैच शुरू होंगे.

कराची में एक संवाददाता सम्मेलन में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार ख़ान ने बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अनुरोध को स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में बदलाव किए गए हैं.

शहरयार ख़ान ने हाल ही में बीसीसीआई में हुए बदलाव के बाद भारत का दौरा किया था और बीसीसीआई अधिकारियों से मुलाक़ात की थी.

कराची में टेस्ट मैच और एक दिवसीय मैच कराने के बारे में उन्होंने बताया, "कराची के बारे में आख़िरी फ़ैसला भारत सरकार की मंज़ूरी के बाद ही हो जाएगा. वैसे हमने वहाँ एक टेस्ट और एक वनडे का प्रस्ताव रखा है."

शहरयार ख़ान ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में सरकारें ही फ़ैसला करती हैं.


नया कार्यक्रम

6 जनवरी: भारतीय टीम लाहौर पहुँचेगी
7-8 जनवरी: लाहौर में तीन दिवसीय मैच
14-18 जनवरी: पहला टेस्ट (लाहौर)
22-26 जनवरी: दूसरा टेस्ट (फ़ैसलाबाद)
30 जनवरी- तीन फरवरी: तीसरा टेस्ट (कराची)


दोनों देशों के बीच एक दिवसीय मैच 6 से 20 फरवरी के बीच पेशावर, रावलपिंडी, लाहौर, मुल्तान और कराची में खेले जाएँगे.