रविवार, 04 दिसंबर, 2005 को 17:15 GMT तक के समाचार
अगले वर्ष फ़रवरी में खेला जाने वाला एशिया कप टूर्नामेंट स्थगित कर दिया गया है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शरद पवार ने बताया है कि इसमें भाग लेने वाले देशों की सहूलियत के हिसाब से टूर्नामेंट की नई तारीख़ की घोषणा बाद में की जाएगी.
टूर्नामेंट को स्थगित करने की वजह यह बताई गई है कि खिलाड़ियों को आराम दिया जाना ज़रूरी है क्योंकि वे लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं.
16 से 28 फ़रवरी के बीच होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान की टीमें हिस्सा लेने वाली थीं.
नए अध्यक्ष
यह भी माना जा रहा है कि इसकी एक वजह भारत में क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नेतृत्व में परिवर्तन है, इस समय एशियन क्रिकेट काउंसिल की अध्यक्षता भारत के पास है लेकिन बीसीसीआई के चुनाव में हार के बाद जगमोहन डालमिया ने काउंसिल के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
भारत जून महीने तक एशियन क्रिकेट काउंसिल की अध्यक्षता करने वाला है इसलिए समझा जा रहा है कि बीसीसीआई के नए अध्यक्ष शरद पवार काउंसिल के भी अध्यक्ष होंगे.
उनके एशियन क्रिकेट काउंसिल का अध्यक्ष बन जाने के बाद टूर्नामेंट की नई तारीख़ घोषित की जाएगी.
वैसे यह बात भी सही है कि दक्षिण एशियाई क्रिकेट खिलाड़ी पिछले कुछ महीनों से लगातार खेलते रहे हैं, मिसाल के तौर पर भारतीय टीम अगस्त महीने से लगातार मैदान पर रही है.
श्रीलंका, ज़िम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के साथ टीम ने कई श्रृंखलाएँ खेली हैं. टीम को आने वाले दिनों पाकिस्तान और इंग्लैंड के साथ सिरीज़ खेलना है.
बीसीसीआई के सचिव रत्नाकर शेट्टी ने कहा, "खिलाड़ियों को आराम की ज़रूरत महसूस हो रही है क्योंकि एक के बाद लगातार मैच खेलते जा रहे हैं."