रविवार, 04 दिसंबर, 2005 को 00:03 GMT तक के समाचार
श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने कहा है कि श्रीलंका के बल्लेबाज़ सनत जयसूर्या को देश की टेस्ट टीम में शामिल न किए जाने के फ़ैसले की जाँच होगी.
भारत के ख़िलाफ़ होने वाले टेस्ट मैचों के लिए जयसूर्या को टीम में शामिल नहीं किया गया है.
महिंदा राजपक्षे ने कहा, "इस मामले की जाँच किए जाने का कई बार अनुरोध किया गया है. मैने खेल मंत्री से कहा है कि मामले की पड़ताल करें."
श्रीलंका के क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि उसने जयसूर्या को टीम से इसलिए बाहर रखा क्योंकि वे कंधे में लगी चोट से जूझ रहे हैं.
1996 में श्रीलंका की विश्व कप जीत में जयसूर्या ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था. उसके बाद से वे श्रीलंका क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा रहे हैं. उन्होंने 100 टेस्ट मैचों में 6580 रन बनाए हैं.
कई लोगों का मानना है कि श्रीलंका टीम में कुछ अप्रत्याशित खिलाड़ियों का चयन हुआ है. जाँच के दौरान ऐसे मामलों के बारे में भी पड़ताल होगी.
अटकलें लगाई जा रही हैं कि राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते ही महेला जयवर्धने को उप कप्तान के पद से हटाया गया है.
पिछले दो सालों से जयवर्धने को कप्तान का पद संभालने के नज़रिए से ही तैयार किया जा रहा था.