http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 28 नवंबर, 2005 को 21:48 GMT तक के समाचार

रोनाल्डिनियो बने सर्वश्रेष्ठ फ़ुटबॉल खिलाड़ी

ब्राज़ील के स्टार खिलाड़ी और स्पैनिश क्लब बार्सिलोना से खेलने वाले रोनाल्डिनियो को वर्ष 2005 का सर्वश्रेष्ठ यूरोपीय फ़ुटबॉल खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया है.

पेरिस में हुए एक शानदार समारोह में रोनाल्डिनियो को चमचमाती हुई ट्रॉफ़ी भेंट की गई. रोनाल्डिनियो को पहले से ही इस पुरस्कार का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था.

पिछले साल रोनाल्डिनियो को फ़ीफ़ा की ओर से साल का सर्वश्रेष्ठ फ़ुटबॉल खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया था. 25 वर्षीय रोनाल्डिनियो के बाद दूसरे नंबर पर आए चेल्सी के लिए खेलने वाले फ़्रैंक लैम्पार्ड जबकि तीसरे नंबर पर रहे लिवरपूल के कप्तान स्टीवेन जेरार्ड.

चौथे नंबर पर आर्सेनल के थियर ऑनरी रहे जबकि पाँचवें नंबर पर रहे एसी मिलान की ओर से खेलने वाले एंद्रिय शेवचेन्को. शेवचेन्को पिछले साल यूरोप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने थे.

यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिनका प्रदर्शन यूरोपीय फ़ुटबॉल में शानदार रहता है.

प्रदर्शन

पिछले साल स्पैनिश क्लब बार्सिलोना की ओर से खेलते हुए रोनाल्डिनियो ने शानदार प्रदर्शन किया था और 2004-05 सत्र में बार्सिलोना को स्पैनिश लीग ला लीगा का ख़िताब जितवाने में प्रमुख भूमिका निभाई थी.

इस सत्र में भी रोनाल्डिनियो शानदार खेल दिखा रहे हैं और उनका क्लब बार्सिलोना ला लीगा में शीर्ष पर है. हाल ही में स्टार खिलाड़ियों से सजी रियाल मैड्रिड को बार्सिलोना ने 3-0 से धूल चटाई और तीन में से दो गोल रोनाल्डिनियो ने मारे.

पेरिस में ट्रॉफ़ी ग्रहण करने के बाद रोनाल्डिनियो ने कहा, "इतने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच मौजूद रहना और सराहना पाना- यह मेरे लिए एक सपने की तरह है जो सच हुआ है. इससे मुझे प्रेरणा मिली है कि मैं आगे भी इसी तरह खेलता रहूँ."

रोनाल्डिनियो ब्राज़ील के तीसरे खिलाड़ी हैं जिन्हें बार्सिलोना की ओर से खेलते हुए ये पुरस्कार मिला है. 1997 में ये पुरस्कार रोनाल्डो को और 1999 में रिवाल्डो को बार्सिलोना की ओर से खेलते हुए मिला था.