गुरुवार, 24 नवंबर, 2005 को 13:25 GMT तक के समाचार
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर शनिवार को एक और विश्व रिकार्ड बनाएंगे जब भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोलकाता में चौथा एकदिवसीय मैच होगा.
यह मैच तेंदुलकर का 357वां एकदिवसीय मैच होगा जो एक विश्व रिकार्ड है.
तेंदुलकर का यह रिकार्ड सोमवार को चेन्नई में ही बन जाना था लेकिन चेन्नई का मैच बारिश के कारण नहीं हो सका था.
पाँच एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ में दोनों टीमें 1-1 से बराबर हैं.
अभी 356 वनडे मैच खेलकर तेंदुलकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम के साथ बराबरी पर हैं.
सचिन तेंदुलकर ने अभी तक एक दिवसीय मैचों में सर्वाधिक 38 शतकों की बदौलत सबसे ज़्यादा 13,877 रन बनाए हैं.
भारतीय टीम के कोच ग्रेग चैपल ने कहा, "तेंदुलकर चैम्पियन खिलाड़ी और चैम्पियन व्यक्ति हैं. मुझे इस पर कोई आश्चर्य नहीं कि उन्होंने इतने वनडे मैच खेले हैं."
चैपल ने कहा कि उन्हें तेंदुलकर में खेल के प्रति मौजूद उत्साह और प्रेम बहुत पसंद है. उन्होंने कहा कि तेंदुलकर ने अपने स्कूल के दिनों से इसी तरह खेला है.
दक्षिण अफ़्रीका के कप्तान ग्रैम स्मिथ ने कहा कि सचिन जैसे खिलाड़ी के बारे में कुछ कहना बहुत मुश्किल है वे विश्व स्तर के खिलाड़ी हैं.
भारतीय टीम
राहुल द्रविड़ (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग (उप कप्तान), सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, मोहम्मद कैफ़, महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना, इरफ़ान पठान, अजित अगरकर, मुरली कार्तिक, हरभजन सिंह, एस श्रीसंत, रुद्र प्रताप सिंह और जेपी यादव
दक्षिण अफ़्रीका टीम
ग्रैम स्मिथ (कप्तान), ज़ाक कैलिस, योहन बोटा, मार्क बाउचर, एबी डी वेलियर्स, एंड्रयू हॉल, जस्टिन केम्प, शार्ल लंगेफ़ेल्ट, एल्बी मॉर्केल, एंड्रयू नेल, मखाया एंटिनी, जस्टिन ऑन्टॉन्ग, रॉबिन पीटरसन, शॉन पोलक, एशवेल प्रिंस