मंगलवार, 22 नवंबर, 2005 को 10:19 GMT तक के समाचार
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच चेन्नई में होने वाला तीसरा एक दिवसीय मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया है.
चेन्नई में सोमवार से ही लगातार बारिश होती रही जिसकी वजह से मैदान पर पानी भर गया है.
शाम को पिच का मुआयना करने के बाद अंपायरों ने घोषणा कर दी कि मैच नहीं खेला जा सकता.
बारिश के कारण दोनों टीमों के खिलाड़ी अभ्यास तक नहीं कर पाए थे.
स्टेडियम में पिच के साथ-साथ आउटफ़ील्ड पर पानी न भरे, इसके लिए काफ़ी कोशिशें की गईं लेकिन कोशिशें नाकाम रहीं.
पाँच एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ में दोनों टीमें 1-1 से बराबर हैं. चेन्नई का मैच मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के लिए ख़ास था.
अगर यह मैच खेला जाता तो सचिन तेंदुलकर सबसे ज़्यादा एक दिवसीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन जाते. अभी 356 वनडे मैच खेलकर वे पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम के साथ बराबरी पर हैं.
अब रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें अगले मैच का इंतज़ार करना होगा.