http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 21 नवंबर, 2005 को 13:08 GMT तक के समाचार

इंज़माम ने मियाँदाद का रिकॉर्ड छुआ

पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान इंज़मामुल हक़ ने पाकिस्तान के लिए टेस्ट मैचों में सबसे अधिक 23 शतक लगाने के पूर्व कप्तान जावेद मियाँदाद के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.

इंज़माम ने फ़ैसलाबाद में इंग्लैंड के विरूद्ध दूसरे टेस्ट मैच में अपने खेल जीवन का 23वाँ शतक लगाया.

फ़ैसलाबाद टेस्ट के दूसरे दिन इंज़माम विवादास्पद तरीक़े से 109 रन बनाकर आउट हो गए.

48 वर्षीय जावेद मियाँदाद ने 124 टेस्ट मैचों में 8,832 रन बनाए हैं. उन्होंने 1996 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया.

इंज़मामुल हक़ ने अभी तक 104 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 7,855 रन बनाए हैं. उन्होंने 347 एक दिवसीय मैच भी खेले हैं जिनमें उन्होंने 10,971 रन बनाए हैं.

सराहना

अपने कीर्तिमान की बराबरी करने पर जावेद मियाँदाद ने इंज़माम की सराहना की.

मियाँदाद ने कहा,"मुझे पता था कि इंज़माम रिकॉर्ड बनाएँगे क्योंकि उन्हें क़ुदरत ने वरदान दिया हुआ है".

उन्होंने कहा कि इंज़माम ने जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू किया था तभी वे समझ गए थे कि वे ऊँचाई तक जाएँगे.

मियाँदाद ने कहा, "रिकॉर्ड तो बनते ही हैं बराबरी करने और तोड़ने के लिए और मुझे खुशी है कि इंज़माम ने ये किया".