http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 21 नवंबर, 2005 को 04:18 GMT तक के समाचार

नलबैंडियन ने रोका फ़ेडरर का विजय रथ

अर्जेंटीना के डेविड नलबैंडियन ने दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी स्विट्ज़रलैंड के रोजर फ़ेडरर की जीत का सिलसिला तोड़ दिया है.

शंघाई में मास्टर्स कप के फ़ाइनल में नलबैंडियन ने संघर्षपूर्ण फ़ाइनल मैच में फ़ेडरर का पत्ता साफ़ कर दिया. एक समय नलबैंडियन शुरू के दो सेट हार चुके थे और फ़ेडरर की जीत लगभग तय लग रही थी.

लेकिन नलबैंडियन ने शानदार वापसी करते हुए फ़ेडरर का विजय रथ रोक दिया और अंत में ये मैच 6-7, 6-7, 6-2, 6-1 और 7-6 से जीत हासिल की.

फ़ेडरर ने अपने पिछले 35 मैच और 24 फ़ाइनल मैच में जीत हासिल की थी. लेकिन इस सत्र में मिली इस चौथी हार ने लगातार तीसरा मास्टर्स ख़िताब जीतने की उनकी उम्मीद को चकनाचूर कर दिया.

रिकॉर्ड

रोजर फ़ेडरर ने अक्तूबर 2003 से लगातार 24 फ़ाइनल जीते. जो ओपन टेनिस युग में एक रिकॉर्ड है. शंघाई मास्टर्स से पहले फ़ेडरर जुलाई 2003 में फ़ाइनल मैच हारे थे.

शंघाई मास्टर्स के फ़ाइनल में फ़ेडरर ने पहला और दूसरा सेट टाई ब्रेकर में जीता. दूसरे सेट में तो उन्हें 13-11 से जीत मिली.

इस संघर्षपूर्ण जीत के बाद यही लग रहा था कि फ़ेडरर एक बार फिर ख़िताब पर क़ब्ज़ा कर लेंगे. लेकिन तीसरे सेट में नलबैंडियन ने दो बार उनकी सर्विस तोड़ी और 6-2 से सेट जीत लिया.

चौथे सेट में तो नलबैंडन और ज़्यादा हावी रहे और 6-1 से जीत हासिल की. निर्णायक सेट में फ़ेडरर एक समय 0-4 से पिछड़ गए थे लेकिन उन्होंने वापसी की और स्कोर 4-4 कर दिया.

एक बार फिर लगा कि फ़ेडरर अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए जीत हासिल कर लेंगे लेकिन नलबैंडियन ने टाई ब्रेकर में 7-3 से जीत हासिल कर फ़ेडरर का सपना तोड़ दिया.