सोमवार, 14 नवंबर, 2005 को 11:51 GMT तक के समाचार
बुधवार से दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ शुरू हो रही क्रिकेट सिरीज़ के पहले तीन मैचों के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
भारत ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ एक दिवसीय श्रृंखला 6-1 से जीती थी और
वडोदरा में चयनकर्ताओं की समीति की बैठक में फ़ैसला किया कि दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ भी यही टीम मैदान पर उतरेगी.
भारतीय क्रिकेट टीम की चयन समिति के अध्यक्ष किरन मोरे ने कहा कि टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है और हम कोई बदलाव नहीं करना चाहते.
इस फ़ैसले का मतलब है कि पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को इस बार भी टीम में जगह नहीं मिलेगी.
उधर आगामी श्रृंखला के बारे में भारतीय टीम के कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा है कि दक्षिण अफ़्रीका बेहतरीन फॉर्म में है लेकिन भारत भी अच्छा खेल रहा है.
राहुल द्रविड़ ने कहा कि भारतीय टीम दक्षिण अफ़्रीका को भी मात दे सकता है.
एक दिवसीय मैचों में इस वक़्त दक्षिण अफ़्रीका विश्व में दूसरे नंबर की टीम है. भारत के हाथों पिटने से पहले दूसरी पायदान पर श्रीलंका की टीम थी.
भारतीय टीम
राहुल द्रविड़ (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, मोहम्मद कैफ़, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी, जेपी यादव, इरफ़ान पठान, अजित अगरकर , हरभजन सिंह, मुरली कार्तिक, श्री संत, रुद्र प्रताप सिंह