सोमवार, 14 नवंबर, 2005 को 15:16 GMT तक के समाचार
भारत दौरे पर अपने पहले अभ्यास मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने हैदराबाद एकादश को आसानी से आठ विकेट से हरा दिया.
हैदराबाद एकादश को 42वें ओवर में 127 रनों पर समेटने के बाद दक्षिण अफ़्रीका ने जीत का लक्ष्य 26वें ओवर में ही दो विकेट खोकर हासिल कर लिया.
दक्षिण अफ़्रीका की ओर से एबी डी वेलियर्स ने नाबाद 55 रन बनाए जबकि कप्तान ग्रैम स्मिथ ने 44 रनों का योगदान दिया.
कप्तान स्मिथ ने धमाकेदार बल्लेबाज़ी की और सिर्फ़ 45 गेंदों पर एक छक्के और चार चौके की बदौलत 44 रन बना डाले.
अभी तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच न खेलने वाले योहन बोटा ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए तीन विकेट लिए. दो सीजन पहले ही तेज़ गेदबाज़ी करने वाले बोटा ने ऑफ़ स्पिन गेंदबाज़ी शुरू की है.
तेज़ गेंदबाज़ एंड्रयू नेल ने दो विकेट लिए. भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच पाँच मैचों की सिरीज़ का पहला मैच 16 नवंबर को हैदराबाद में होगा.
संक्षिप्त स्कोर:
हैदराबाद एकादश- 127 (42 ओवर)- अर्जुन यादव 21, डेनियल मनोहर 20, योहन बोटा- 3/54, एंड्रयू नेल- 2/14
दक्षिण अफ़्रीका- 132/2 (25.5 ओव)- डी वेलियर्स 55, ग्रैम स्मिथ 44