शुक्रवार, 14 अक्तूबर, 2005 को 17:07 GMT तक के समाचार
मैथ्यू हेडन और एडम गिलक्रिस्ट की बेहतरीन पारी की बदौलत विश्व एकादश के ख़िलाफ़ सुपर सिरीज़ टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया बेहतर स्थिति में है.
सिडनी में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक हेडन के शानदार शतक और गिलक्रिस्ट के नाबाद 94 रनों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट पर 331 रन बना लिए थे.
विश्व एकादश के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने ख़राब शुरुआत की और उसका पहला विकेट शून्य पर गिर गया.
सलामी बल्लेबाज़ जस्टिन लैंगर सिर्फ़ तीन गेंद का सामना कर पाए और उन्हें इंग्लैंड के स्टीव हार्मिसन ने क्लीन बोल्ड कर दिया.
लेकिन पहले कप्तान रिकी पोंटिंग और फिर माइकल क्लार्क के साथ मिलकर सलामी बल्लेबाज़ मैथ्यू हेडन ने ऑस्ट्रेलिया को मुसीबत से उबारा.
शानदार शतक
पोंटिंग ने 46 रन बनाए और इंग्लैंड के एंड्रयू फ़्लिंटफ़ की गेंद पर आउट हुए. क्लार्क 39 रन बनाकर न्यूज़ीलैंड के डेनियल वेटोरी की गेंद पर आउट हुए.
मैथ्यू हेडन शानदार 111 रन बनाकर पाँचवें विकेट के रूप में आउट हुए. पाँचवें विकेट की साझेदारी में उन्होंने एडम गिलक्रिस्ट के साथ 97 रन जोड़े. हेडन का विकेट मिला श्रीलंका के मुथैया मुरलीधन को
गिलक्रिस्ट और शेन वॉटसन ने छठे विकेट के लिए 63 रन जोड़े. वॉटसन 24 रन बनाकर मुरलीधरन का शिकार बने. शेन वॉर्न एक रन बनाकर नाबाद हैं.
छह दिनों के इस विशेष टेस्ट मैच में विश्व एकादश की ओर से भारत के वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ भी खेल रहे हैं. विश्व एकादश की कप्तानी कर रहे हैं दक्षिण अफ़्रीका के ग्रैम स्मिथ.
ऑस्ट्रेलिया
रिकी पोंटिंग (कप्तान), एडम गिलक्रिस्ट, मैथ्यू हेडन, जस्टिन लैंगर, माइकल क्लार्क, साइमन कैटिच, शेन वॉटसन, शेन वॉर्न, ब्रेट ली, ग्लेन मैकग्रॉ और स्टुअर्ट मैकगिल.
दक्षिण अफ़्रीका
ग्रैम स्मिथ (कप्तान, दक्षिण अफ़्रीका), वीरेंद्र सहवाग (भारत), राहुल द्रविड़ (भारत), ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज़), इंज़माम-उल-हक़ (पाकिस्तान), जैक कैलिस (दक्षिण अफ़्रीका), एंड्रयू फ़्लिंटफ़ (इंग्लैंड), मार्क बाउचर (दक्षिण अफ़्रीका), डेनियल वेटोरी (न्यूज़ीलैंड), स्टीव हार्मिसन (इंग्लैंड) और मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका)