गुरुवार, 04 अगस्त, 2005 को 07:18 GMT तक के समाचार
भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा ने रूस की नादिया पेत्रोवा को अमरीका में चल रहे एकूरा क्लासिक टूर्नांमेंट के दूसरे दौर में हरा दिया है.
सानिया ने नादिया पेत्रोवा को सीधे सेटों में 6-2, 6-1 से हराया. नादिया दुनिया की सर्वश्रेष्ठ 10 खिलाड़ियों में से एक हैं.
इस जीत के बाद अब सानिया प्रतियोगिता के तीसरे दौर में पहुँच गई हैं.
इसके पहले भी सानिया ने दुनिया की पहली दस खिलाड़ियों में से एक स्वेतलाना कुज़नेस्तावा को दुबई में हराया था.
माना जा रहा है कि इस जीत के बाद सोमवार को जारी होनीवाली रैंकिंग में सानिया चुनिंदा 50 टेनिस खिलाड़ियों में आ जाएंगी.
सानिया का यह सपना भी रहा है और वह इस दिशा में लगातार प्रयास भी करती रही हैं.
इस समय सानिया की रैंकिंग 59 है और उनका अगला मैच जापान की अकीको मोरीगामी से होगा.
इसके पहले भी दोनों की दो बार भिड़ंत हो चुकी हैं. सानिया ने विंबलडन में मोरीगामी को पहले राउंड में हरा दिया था. लेकिन वह यह कमाल नहीं दोहरा पायीं.
सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फ़ाइनल में अकीको मोरीगामी ने उन्हें सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से हरा दिया था.