सोमवार, 11 जुलाई, 2005 को 13:25 GMT तक के समाचार
अर्जेटीना ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर जूनियर हॉकी का विश्व कप जीत लिया है.
हॉलैंड के रोत्रदम शहर में हुए विश्व कप फ़ाइनल में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर कप पर क़ब्ज़ा किया.
मैच में पहला गोल दागा ऑस्ट्रेलिया ने जिसके खिलाड़ी कॉलिन हेनेसी ने 34वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल बढ़त हासिल की.
लेकिन अर्जेंटीना के लुकास विला ने छह मिनट बाद ही गोल उतार कर मैच बराबरी पर ला दिया.
फिर मुक़ाबला काँटे का रहा लेकिन 70वें मिनट में बाज़ी अर्जेंटीना ने मार ली.
उनके खिलाड़ी पेड्रो इबारा ने पेनल्टी कॉर्नर के सहारे गोल कर मैच और विश्व कप अर्जेंटीना की झोली में डाल दिया.
भारत चूका
पिछली बार के जूनियर विश्व कप विजेता भारत के लिए इस बार प्रतियोगिता निराशाजनक रही.
भारत कांस्य पदक जीतने में भी नाकाम रहा.
तीसरे स्थान के लिए हुए कड़े मुक़ाबले में स्पेन ने भारत को हरा दिया.
सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद भारत तीसरे स्थान के लिए स्पेन से भिड़ने उतरा.
नियत समय में मैच के 1-1 से बराबर रहने के बाद आख़िर टाइब्रेकर करवाना पड़ा.
स्पेन ने पाँचों प्रयासों में गोल किया जबकि भारत ने एक मौक़ा गँवाया और इस तरह से स्पेन ने मैच 6-5 से जीत लिया.