रविवार, 03 जुलाई, 2005 को 17:41 GMT तक के समाचार
महेश भूपति और मेरी पीयर्स ने विंबलडन टेनिस प्रतियोगिता में मिश्रित युगल ख़िताब जीत लिया है.
उन्होंने हैनली-पेरीबीनीज़ की जोड़ी को हराया.
सेंटर कोर्ट पर क़रीब 15 हज़ार दर्शकों के सामने भारत के महेश भूपति और फ़्रांस की मेरी पीयर्स ने ऑस्ट्रेलिया के पॉल हैनली और यूक्रेन की तातियाना पेरीबीनीज़ की जोड़ी को सीधे सेटों मे 6-4, 6-2 से हरा दिया.
भूपति-पीयर्स ने प्रतिद्वंद्वी जोड़ी को हराने में मात्र 54 मिनट का समय लगाया.
विजेता जोड़ी की रविवार को यह दूसरी जीत थी.
इससे पहले भूपति-पीयर्स ने सेमीफ़ाइनल में स्वीडन के जोनस ब्योर्कमैन और अमरीका की लीज़ा रेमंड की जोड़ी को हराया.
कोर्ट नंबर एक पर हुए सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में भी भूपति-पीयर्स को दो सीधे सेटों में जीत मिली.
उन्होंने ब्योर्कमैन-रेमंड को 7-5, 6-1 से पराजित किया.
उल्लेखनीय है कि अंतत: ख़िताब पर क़ब्ज़ा करने वाली भूपति-पीयर्स की जोड़ी मिश्रित युगल वर्ग में वरीयता सूची में भी नहीं थी.