http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 12 मार्च, 2005 को 13:29 GMT तक के समाचार

कुंबले ने लिया 450वाँ विकेट

अनिल कुंबले की उपलब्धियों की सीढ़ी अब एक और मंज़िल ऊपर पहुँच गई है.

12मार्च 2005 को मोहाली में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना 450वाँ विकेट लिया.

पाकिस्तान के ख़िलाफ़ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच की दूसरी पारी में मोहम्मद समी को अपनी ही गेंद पर कैच कर उन्होंने ये उपलब्धि हासिल की.

कुंबले से पहले इस मुक़ाम तक केवल चार गेंदबाज़ पहुँच सके हैं.

ये हैं ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ शेन वॉर्न और ग्लेन मैक्ग्रा, श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन और वेस्टइंडीज़ के कर्टनी वॉल्श.

पहले भारतीय

अनिल कुंबले टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं.

उन्होंने ढाका में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में मोहम्मद रफ़ीक़ का विकेट लेकर कपिल देव के 434 विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा.

अनिल कुंबले ने यह उपलब्धि अपने 91वें टेस्ट मैच में हासिल की.

कपिल देव ने 131 टेस्ट में 434 विकेट लिए थे और एक समय वे टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी भी थे.

कपिल देव के रिकॉर्ड को तोड़ने के बाद कहा कि उन्होंने हमेशा देश के लिए जी-जान लगाकर प्रदर्शन किया है और आगे भी यह जारी रहेगा.

शैली

1990 के इंग्लैंड दौरे से अपने टेस्ट जीवन की शुरुआत करने वाले अनिल कुंबले को अपनी ख़ास शैली के कारण आलोचना भी सुननी पड़ती है.

लेकिन आलोचनाओं को दरकिनार करते हुए कुंबले ने कहा, "एक धारणा यह है कि आप तभी सफल हो सकते हैं जब आप चीजों को किसी ख़ास तरह से करते हैं. लेकिन मैं इसे ठीक नहीं मानता."

कुंबले ने कहा कि उन्हें इस बात की ख़ुशी है कि अपनी विविधता वाली गेंदबाज़ी के बावजूद आज वे सफल हैं.

कुंबले ने कहा, "आख़िरकार यही मायने रखता है कि आप कितने सफल हैं ये मायने नहीं रखता कि आप किस शैली से गेंदबाज़ी करते हैं."

34 वर्षीय अनिल कुंबले ने कहा कि वे अभी लंबे समय तक क्रिकेट खेलना चाहते हैं और उनका लक्ष्य है 500 विकेट हासिल करना.

उन्होंने कहा, "लोग कहते हैं कि आपको 500 विकेट हासिल करना चाहिए. मैं इसे पूरा करना चाहता हूँ. मुझे मैदान पर जाकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है."

कुंबले ने टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सभी 10 विकेट लेने के जिम लेकर के रिकॉर्ड की भी बराबरी की है. उन्होंने 1998-99 की सिरीज़ में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ दिल्ली टेस्ट में इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी.

ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे में भी अनिल कुंबले ने शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में 24 विकेट चटकाए थे जो ऑस्ट्रेलिया की पिच पर बेहतरीन प्रदर्शन माना जाता है.

कुंबले ने 259 एक दिवसीय मैच में 321 विकेट लिए हैं. हालाँकि एक दिवसीय मैचों में अब उन्हें नियमित रूप से मौक़ा नहीं मिल पाता.