बुधवार, 09 फ़रवरी, 2005 को 10:20 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट टीम के प्रशिक्षक जॉन राइट को उम्मीद है कि पाकिस्तान के साथ होने वाली सीरिज़ के लिए सचिन तेंदुलकर फ़िट हो जाएँगे.
कोहनी में चोट की वजह से तेंदुलकर को आराम करने की सलाह दी गई थी और वे पिछले कई हफ़्तों से खेल नहीं पा रहे हैं.
जॉन राइट का कहना है कि सचिन ने व्यायाम करना शुरु कर दिया है और टीम के नए चिकित्सक जॉन ग्लोस्टर उनकी जाँच करेंगे.
उन्होंने कहा, "सचिन ने छह हफ़्तों तक आराम किया है और मुझे उम्मीद है कि वे पाकिस्तान के ख़िलाफ़ अच्छा प्रदर्शन करेंगे."
सचिन तेंदुलकर के 22 फ़रवरी से मैदान में लौटने की संभावना जताई जा रही है जब वे दिलीप ट्रॉफ़ी में खेलेंगे. तब पाकिस्तान के दौरे को दो हफ़्तों से भी कम समय बचा होगा.
इससे पहले सचिन कह चुके हैं कि वे पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेलने के लिए उत्सुक हैं लेकिन वे वापस तभी लौटेंगे जब पूरी तरह से फ़िट हो जाएँगे.
वे इस बात का खंडन कर चुके हैं कि इस चोट की वजह उनका बैट है जो औसत से ज़्यादा वज़न का है.
उन्होंने कहा, "मैं इस बैट से 15 सालों से खेल रहा हूँ और मुझे आज तक कोई परेशानी नहीं हुई."