शुक्रवार, 14 जनवरी, 2005 को 19:29 GMT तक के समाचार
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के भारत दौरे के मैचों के दिन तय कर दिए गए हैं. दोनों देशों की टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच चार मार्च से खेला जाएगा.
अभी मैच के स्थानों के बारे में फ़ैसला नहीं किया गया है.
पाकिस्तान की टीम 1999 के बाद पहली बार भारत का पूर्ण दौरा कर रही है.
दोनों टीमों के बीच तीन टेस्ट मैच क्रमश: चार मार्च, 12 मार्च और 20 मार्च से खेले जाएँगे.
इसके बाद पाँच एकदिवसीय मैचों में से पहला 28 मार्च को खेला जाएगा.
पाकिस्तान के इससे पहले के भारत दौरे में 1999 में दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ 1-1 से बराबर रही थी.
हालाँकि उसके तुरंत बाद दोनों टीमों ने कोलकाता में एशियाई टेस्ट चैंपियनशिप का मैच खेला था. इसमें जीत पाकिस्तान की हुई थी.
दोनों देशों के रिश्तों में तनाव कमी के बाद पिछले साल भारतीय क्रिकेट टीम ने 14 वर्षों में पहली बार पाकिस्तान का पूर्ण दौरा किया था. टेस्ट और एकदिवसीय दोनों सिरीज़ में भारत को जीत मिली थी.
दोनों देशों की टीमें अंतिम बार पिछले साल नवंबर में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की 75वीं सालगिरह के मौक़े पर आयोजित एकदिवसीय मैच में कोलकाता में भिड़ी थीं.
इस मैच में पाकिस्तान की टीम को छह विकेट से जीत मिली थी.