http://www.bbcchindi.com

रविवार, 12 दिसंबर, 2004 को 06:12 GMT तक के समाचार

विताली ने विलियम्स को चित्त किया

यूक्रेन के विताली क्लिस्चको ने विश्व हैविवेट चैंपियन का ख़िताब जीतने की ब्रिटेन के डैनी विलियम्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है.

अमरीका के लास वेगास में हुए मुक़ाबले में क्लिस्चको ने विलियम्स को हराते हुए विश्व हैविवेट चैंपियन का ख़िताब अपने पास बरक़रार रखा है. क्लिस्चको ब्रिटेन के डैनी विलियम्स पर शुरू से ही भारी पड़े.

पहले राउंड में ही क्लिस्चको ने विलियम्स को लगभग चित्त कर दिया था.

लेकिन रेफ़री की नौ तक की गिनती के बाद विलियम्स ने हिम्मत जुटाई और फिर लड़ने के लिए उठे.

पहले राउंड से ही विलियम्स की ऐसी पिटाई शुरू हुई कि वे फिर संभल नहीं पाए.

आठवें राउंड में जब चौथी बार उन्हें नॉक आउट पंच लगा, तो रेफ़री ने आख़िरकार मैच रोकने का फ़ैसला किया.

विताली क्लिस्चको को चुनौती देने वाले डैनी विलियम्स शुरू से ही मुक़ाबले में नहीं नज़र आए.

उनमें वो गति भी नहीं दिखी जो इस स्तर के मुक्केबाज़ में देखने को मिलती है.

दूसरी ओर विताली क्लिस्चको पूरे फ़ॉर्म में नज़र आए और उन्होंने विलियम्स को कोई मौक़ा नहीं दिया. 12 राउंड के मैच के आठवें राउंड में ही विलियम्स को हार माननी पड़ी.