शुक्रवार, 26 नवंबर, 2004 को 12:28 GMT तक के समाचार
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद(आईसीसी) ने भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरभ गांगुली के दो टेस्ट मैचों से निलंबन का फ़ैसला वापस ले लिया है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव ने पत्रकारों को यह जानकारी दी.
नायर ने कहा, "आईसीसी के अपील अधिकारी टिम कासल का फ़ैसला सौरभ के पक्ष में आया है. दो टेस्ट मैचों से निलंबन का फ़ैसला रद्द कर दिया गया."
रॉयटर समाचार एजेंसी से उन्होंने कहा, "हमें 35 पेजों की रिपोर्ट मिली है. हम यह देखेंगे कि कोई अन्य पाबंदी या दंड तो नहीं थोपा गया है. लेकिन यह तय है कि दूसरे टेस्ट मैच में वह टीम का नेतृत्व करेंगे."
रविवार को कोलकाता में ही भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो रहा है. पाबंदी हटने के बाद अब वह इस मैच में टीम की कमान सँभाल सकेंगे.
आईसीसी का ताज़ा फ़ैसला निलंबन के फ़ैसले के ख़िलाफ़ गांगुली की अपील पर हुई सुनवाई के बाद आया है.
लंबी सुनवाई
गुरुवार को तीन घंटे तक चली सुनवाई में गांगुली ने टेलीकांफ़्रेंसिंग के ज़रिए दिल्ली के एक होटल से सुनवाई में भाग लिया.
भारतीय कप्तान के साथ वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ शंकर रे मौजूद थे.
सुनवाई को आईसीसी के अपील कमिश्नर टिम कासल ने संचालित किया था जो न्यूज़ीलैंड से टेलीकांफ़्रेंसिंग में भाग ले रहे थे.
इसमें भारतीय क्रिकेट बोर्ड की ओर से जगमोहन डालमिया, भारतीय टीम के कोच जॉन राइट, आईसीसी मैच रेफ़री क्लाइव लॉयड और आईसीसी की वकील उर्वशी नायडू ने भी भाग लिया.
लॉयड अमरीका में थे, जबकि उर्वशी लंदन में.
पाकिस्तान के साथ जिस एकदिवसीय मैच से भारत की धीमी गेंदबाज़ी का विवाद जुड़ा हुआ है, उसमें रेफ़री लॉयड ही थे.
कोलकाता में 14 नवंबर को पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैच में भारतीय टीम की धीमी गेंदबाज़ी के लिए सौरभ गांगुली को दंडित किया गया था.
आईसीसी ने उन्हें दो टेस्ट मैचों से निलंबित करने की घोषणा की थी.
गांगुली की अपील लंबित रहने के दौरान उन्हें दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में खेलने दिया गया था.