http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 18 नवंबर, 2004 को 00:41 GMT तक के समाचार

झड़पों के बीच दोस्ताना मैच, स्पेन जीता

स्पेन की फ़ुटबॉल टीम ने एक दोस्ताना मैच में इंग्लैंड को 1-0 से हरा दिया है. लेकिन मैड्रिड में हुआ यह मैच दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच कई बार हुई झड़प के कारण ज़्यादा चर्चा में रहा.

मैच के 10वें मिनट में ही स्पेन के डेल हॉर्नो ने शानदार गोल करके अपने देश को 1-0 की बढ़त दिला दी और इसी स्कोर पर स्पेन ने यह मैच जीता.

हालाँकि स्पेन को गोल करने का एक और शानदार अवसर उस समय मिला जब उसे पेनॉल्टी मिला.

लेकिन कप्तान राउल के शॉट पर शानदार बचाव किया इंग्लैंड के गोलकीपर पॉल रॉबिंसन ने.

इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मैच में भले ही स्पेन ने एक ही गोल किया लेकिन मैदान पर उसने इंग्लैंड के मुक़ाबले अच्छा प्रदर्शन किया.

झड़प

अपने क्लब रियाल मैड्रिड के मैदान पर खेल रहे इंग्लैंड के कप्तान डेविड बेकम को कई बार दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच हुई झड़प में बीच-बचाव करना पड़ा.

इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी और मैनचेस्ट यूनाइटेड से खेलने वाले वेन रूनी तो कई बार स्पेन के खिलाड़ियों से भिड़े.

एक बार तो उन्होंने स्पेन के गोलकीपर कैसियस को भी धक्का दे दिया जिसके कारण वे दर्शकों के बीच जा गिरे.

रूनी को पीला कार्ड दिखाया गया. लेकिन उसके बाद भी उनकी स्पेन के खिलाड़ियों से झड़प जारी रही.

रूनी को रेड कार्ड न दिखाया जाए, इस कारण 41 मिनट बाद ही उन्हें मैदान से वापस बुला लिया गया.

दर्शक दीर्घा से भी कई उत्तेजक टिप्पणियाँ हो रहीं थीं और इंग्लैंड के खिलाड़ी एशले कोल और शॉन राइट फ़िलिप्स को ख़ास तौर पर दर्शकों ने निशाना बनाया. इंग्लैंड के कप्तान डेविड बेकम को कई बार बीच-बचाव के लिए आना पड़ा.