शनिवार, 21 अगस्त, 2004 को 06:13 GMT तक के समाचार
एथेंस ओलंपिक में दो भारतीय खिलाड़ियों को प्रतिबंधित दवाएँ लेने के लिए दोषी ठहराए जाने के बाद खेल मंत्री सुनील दत्त का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
खेल मंत्री दत्त ने कहा कि वह इसकी ज़िम्मेदारी तय करने से पहले अधिकारियों के भारत लौटने का इंतज़ार करेंगे.
उन्होंने कहा, "एक चीज़ तो तय है कि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी."
प्रतिमा कुमारी और सानामाचा चानू पहली ऐसी भारतीय खिलाड़ी हैं जो ओलंपिक में प्रतिबंधित दवाएँ लेने की दोषी पाई गई हों.
चानू को तो खेल से बाहर कर दिया गया जबकि प्रतिमा कुमारी अभी निलंबित हैं.
वैसे प्रतिमा कुमारी ने इसे पूरे मामले में बेलारूसी कोच तारानेन्को को दोषी ठहराया है.
खेल मंत्री ने कहा कि वह अपना फ़ैसला तब तक नहीं देंगे जब तक वह भारतीय ओलंपिक संघ और भारतीय भारत्तोलन महासंघ के अधिकारियों से इस बारे में बातचीत नहीं कर लेते.
उन्होंने कहा कि हालाँकि इस घटना के लिए प्रशिक्षकों को दोषी ठहराया जा रहा है मगर वह दोनों पक्षों की बात सुनना चाहते हैं.