शनिवार, 14 अगस्त, 2004 को 16:54 GMT तक के समाचार
ड्रग टेस्ट में शामिल न होने के बाद ग्रीस के दो एथलीट केन्टेरिस और कैटरिना थानू को ओलंपिक की टीम से हटा दिया गया है. इस मामले की सुनवाई सोमवार को होने वाली थी.
ग्रीक ओलंपिक समिति ने क़रीब दो घंटे तक चले विचार-विमर्श के बाद यह फ़ैसला किया. एथलीटों के कोच क्रिस्टॉस ज़ेकॉस को भी निलंबित कर दिया गया है.
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने ड्रग टेस्ट में शामिल न होने के मामले में सुनवाई सोमवार तक टाल दी थी.
सिडनी ओलंपिक में 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाले ग्रीस के कोस्टॉस केन्टेरिस और उनकी साथी खिलाड़ी कैटरिना थानू दोनों ड्रग टेस्ट के लिए हाज़िर नहीं हो पाए.
फ़िलहाल दोनों खिलाड़ी एक मोटर साइकिल दुर्घटना के बाद अस्पताल में भर्ती है.
इसके बाद ही अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने यह फ़ैसला किया कि सुनवाई सोमवार तक के लिए टाली जा रही है.
ग्रीस के हीरो कहे जाने वाले केन्टेरिस ओलंपिक उदघाटन समारोह में ओलंपिक मशाल जलाने वाले थे.
साथ ही केन्टेरिस उदघाटन समारोह में अपने देश के दल का नेतृत्व भी करने वाले थे.
आपात बैठक
आईओसी के अध्यक्ष जैक रॉग ने एक आपात बैठक के बाद तीन सदस्यीय अनुशासन समिति का गठन किया जो इस मामले की जाँच कर रही है.
ओलंपिक गाँव से ये दोनों खिलाड़ी ये कहकर गए थे कि उन्हें अपने घर से कुछ सामान लाना है.
बाद में ख़बर आई कि दोनों खिलाड़ी एक मोटर साइकिल दुर्घटना में घायल हो गए हैं और अस्पताल में भर्ती है. ग्रीक एथलेटिक्स फ़ेडरेशन के अध्यक्ष वैसिलिस सेवास्टिस ने कहा, "आप समझ सकते हैं कि दोनों खिलाड़ियों की मानसिक स्थिति अच्छी नहीं है लेकिन स्थिति गंभीर नहीं और उनकी डॉक्टरी जाँच चल रही है."