बुधवार, 16 जून, 2004 को 22:38 GMT तक के समाचार
रुस को 2-0 से हराकर पुर्तगाल ने यूरो-2004 में अपनी पहली जीत दर्ज की.
पहला मैच हारने के बाद दोनों को प्रतियोगिता में बने रहने के लिए यह मैच जीतना ज़रुरी था.
इस हार के बाद रुस प्रतियोगिता से बाहर हो गया है.
बुधवार को हुए दूसरे मैच में ग्रीस और स्पेन एक-एक गोल से बराबरी पर रहे.
मेज़बान पुर्तगाल के लिए बुधवार का मैच ख़ासा अहम था.
खेल के सातवें मिनट में ही मैनिश ने एक शानदार गोल दागकर पुर्तगाल को आरंभिक लीड दिलवाई.
इस गोल ने पिछली हार के सदमें से पुर्तगाल को बाहर निकाला.
इसके बाद वे खेल पर हावी रहे.
हाफ़ टाइम से पहले एक गोल बचाने के लिए रुस के गोलकीपर ओवशिनीकोव डी से बाहर आए और उनका हाथ बॉल से लग गया. रेफ़री ने हैंडबॉल के लिए उन्हें बाहर कर दिया.
हालांकि रुस ने कभी हार नहीं मानी और उन्होंने दबाव बनाए रखा लेकिन गोल दागने के कई अच्छे मौक़े भी उसने गँवाए.
मैच का दूसरा गोल रुई कोस्टा ने 88 वें मिनट पर किया.
ग्रीस-स्पेन 1-1
बुधवार को पहला मैच ग्रीस और स्पेन के बीच हुआ जो 1-1 से बराबरी पर छूटा.
खेल के 27 वें मिनट पर स्पेन की ओर से मोरिएन्टस ने पहला गोल दागा.
इसके बाद स्पेन को दो और अच्छे मौक़े मिले लेकिन उनको गोल में तब्दील नहीं किया जा सका.
दूसरे हाफ़ में, खेल के 65वें मिनट में हैरिस्टियस ने ग्रीस की ओर से गोल दागकर स्कोर बराबर किया.
स्पेन से मैच 1-1 से बराबर कर लेने के बाद ग्रीस की कोशिश अंतिम आठ में शामिल होने में लगी रहेगी.