भारत की जूनियर हॉकी टीम ने पाकिस्तान को हराकर जूनियर एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता जीत ली है.
कराची में खेले गए फ़ाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5-2 से हराकर पहली बार ये प्रतियोगिता जीती.
भारत की जीत में सबसे अहम भूमिका रही तुषार खांडेकर की जिन्होंने हैट्रिक लगाई.
तुषार ने तीन और संदीप सिंह ने दो गोल किए.
मैच
पिछले पाँच साल में पाकिस्तान की धरती पर भारत की ये पहली जीत थी.
मैच में भारत ने पहले चार गोल कर बढ़त बनाई मगर फिर पाकिस्तान ने दो गोल कर अंतर कम कर दिया.
लेकिन संदीप सिंह ने फिर पाँचवां गोल किया और फिर पाकिस्तान के खिलाड़ी देखते रह गए.
संदीप सिंह ने पूरी प्रतियोगिता में सबसे ज़्यादा 16 गोल दागे.
कोच उत्साहित
भारत की शानदार जीत से उत्साहित भारतीय जूनियर टीम के कोच हरेंद्र सिंह ने कहा कि विजेता टीम के तीन-चार खिलाड़ी एथेंस ओलंपिक के लिए भारतीय टीम में जगह पाने के हक़दार हैं.
हरेंद्र सिंह ने कहा," तीन साल पहले जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया में जूनियर विश्व कप जीता था तो गगन अजीत सिंह और दीपक ठाकुर जैसे खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में आ गए थे. मुझे लगता है कि अब और तीन-चार खिलाड़ी सीनियर टीम में जगह पा सकते हैं".
जूनियर विश्व कप विजेता भारतीय टीम को अगले साल नेदरलैंड में अपने ख़िताब की रक्षा करनी है और भारतीय कोच के अनुसार एशिया कप की जीत से टीम का हौसला बढ़ा है.
हरेंद्र सिंह ने कहा,"अक्तूबर 2002 के बाद से जूनियर स्तर पर ये हमारी 30वीं जीत है जिससे साबित होता है कि हमारे लड़के परिपक्व हो गए हैं और भारतीय हॉकी का स्तर ऊपर जा रहा है".