पाकिस्तानी गेंदबाज़ शोएब अख़्तर को रविवार को एक चिकित्सा जाँच आयोग के सामने हाल ही में लगी अपनी चोट के बारे में पेश होना है.
भारत के साथ टेस्ट मैच में घायल होनेवाले कुल पाँच खिलाड़ियों को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पूछताछ के लिए बुलाया है.
शोएब अख़्तर के अलावा मोईन ख़ान, अब्दुल रज़्ज़ाक, शब्बीर अहमद और उमर गुल को भी आयोग के सामने पेश होना है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख रमीज़ राजा ने कहा,"आयोग इस बात की जाँच करेगा कि आख़िर इतने सारे खिलाड़ी कैसे घायल हो गए और इसे रोकने के लिए क्या किया जाना चाहिए".
रमीज़ राजा ने स्पष्ट किया कि जाँच आयोग किसी को बलि का बकरा बनाने के लिए नहीं गठित किया गया.
लेकिन साथ ही उन्होंने कहा,"अगर ये पता चला कि कुछ खिलाड़ियों ने अपनी चोट के बारे में ग़लत जानकारी दी तो उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी".
शोएब अख़्तर भारत और पाकिस्तान के बीच के तीसरे निर्णायक टेस्ट मैच में घायल हो गए थे और उनके बर्ताव पर कप्तान इंज़मामुल हक़ ने उंगली उठाई थी.
रावलपिंडी टेस्ट मैच में शोएब अख़्तर ने चोट के कारण गेंदबाज़ी तो बीच में ही छोड़ दी मगर बल्लेबाज़ी करने आए और केवल 14 गेंदों पर 28 रन बनाए.
लेकिन इस बारे में सफाई देते हुए उन्होंने कहा,"जब आप गेंदबाज़ी करते हैं तो आपका पूरा शरीर बिल्कुल ठीक होना चाहिए. मगर बल्लेबाज़ी में बात दूसरी होती है".
उन्होंने अपने घायल होने के बारे में सवाल उठाए जाने पर आश्चर्य प्रकट किया.