चार देशों की हॉकी प्रतियोगिता मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने जीत ली है. ऑस्ट्रेलिया ने फ़ाइनल में भारत को 3-0 से हराया.
एक अन्य मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने मलेशिया को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया.
लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया से 5-0 से हारी भारतीय टीम एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के आगे टिक नहीं पाई.
ऑस्ट्रेलिया की ओर से पहला गोल ट्रेविस ब्रुक्स ने मैच के 31वें मिनट में किया.
हाफ़ टाइम तक स्कोर ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में 1-0 था. मैच ख़त्म होने के 13 मिनट पहले तक यही स्कोर रहा.
लेकिन मैच के आख़िरी मिनटों में एक बार ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी टीम ने दबाव बनाया और एक के बाद एक दो और गोल दाग़ दिए.
57 वें मिनट में माइकल मैकैन और 68वें मिनट में एंड्रयू स्मिथ के गोल की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली.
भारतीय टीम फ़ाइनल मैच में एक गोल भी नहीं कर पाई. ऑस्ट्रेलिया की टीम इस पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी.
उधर तीसरे स्थान के लिए हुए एक अन्य मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने मलेशिया को 2-1 से हरा दिया.
दक्षिण अफ़्रीका की ओर से दोनों गोल ग्रेग निकोल ने किए. जबकि मलेशिया की ओर से एकमात्र गोल 62वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर की मदद से कुहान षणमुगनाथन ने किया.