भारत और पाकिस्तान के बीच 13 मार्च को कराची में होने वाले एक दिवसीय मैच की सभी टिकटें बिक गई हैं.
दो दिनों के हंगामे के बाद सोमवार को टिकटों की बिक्री शुरू हुई और कुछ घंटों के अंदर ही सारी टिकटें बिक गईं.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ज़ाकिर ख़ान ने कहा कि सोमवार को बिक्री शांतिपूर्ण ढंग से हो गई.
उन्होंने कहा, "हमने स्टेडियम के अलावा टिकटों की बिक्री पाँच और केंद्र से किए और इससे हमें काफ़ी सहायता मिली."
कराची के नेशनल स्टेडियम के बाहर पहले शनिवार को हज़ारों की भीड़ जुटी.
लेकिन जब उन्हें बताया गया कि टिकटें रविवार से बिकेंगी तो खूब हंगामा हुआ.
रविवार को भीड़ इतनी ज़्यादा थी कि बोर्ड की व्यवस्था धरी की धरी रह गई और बीच-बचाव के लिए पुलिस को आना पड़ा.
पुलिस ने क्रिकेट प्रशंसकों पर बल प्रयोग किया और फिर टिकटों की बिक्री टाल दी गई.
सोमावर को शांतिपूर्ण ढंग से टिकटों की बिक्री के बाद ज़ाकिर ख़ान ने कहा कि वे ख़ुश हैं कि यह प्रक्रिया ख़त्म हो गई है.