http://www.bbcchindi.com

ऑस्ट्रेलिया ने जीता अज़लान शाह कप

ऑस्ट्रेलिया ने फ़ाइनल मैच में पाकिस्तान को 4-3 से हरा कर अज़लान शाह हॉकी कप पर क़ब्ज़ा कर लिया है.

रविवार को कुआलालंपुर में फ़ाइनल मैच में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पूरे 70 मिनट हावी रहे.

मैच का पहला गोल ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस ब्रूक्स ने 21वीं मिनट में किया.

उन्होंने आठ मिनट बाद ही एक और गोल दागा.

पाकिस्तान के लिए पहला गोल कासिफ़ जावेद ने 30वें मिनट में किया. लेकिन एक ही मिनट बाद ऑस्ट्रेलिया को एक और गोल करने में सफलता मिल गई.

पाकिस्तान का दूसरा गोल 44वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर के सहारे आया.

ऑस्ट्रेलिया को भी 57वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर से एक गोल मिला.

सोहैल अब्बास ने 65वें मिनट में पाकिस्तान के लिए तीसरा और अंतिम गोल किया.

ऑस्ट्रेलियाई कोच बैरी डांसर ने टीम की जीत के बाद कहा, "हमने पाकिस्तान को कभी भी मौक़ा नहीं दिया. हमारी रणनीति कामयाब रही."

ऑस्ट्रेलिया तीसरी बार चैंपियन बना है.

उसने 1983 में पहली अज़लान शाह हॉकी प्रतियोगिता जीती थी, और दोबारा वह 1998 में विजेता बना.

इस बार की प्रतियोगिता में तीसरा स्थान दक्षिण कोरिया को मिला जिसने इसके लिए हुए मुक़ाबले में विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-2 से हराया.